अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस द्वारा आयोजित साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता अभियान के तहत छोटे बच्चों में खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से ऐसे अपराधों के प्रति जागरूकता लाने का अभिनव प्रयास किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को वर्तमान समय के अपराधों से परिचित कराकर साइबर सुरक्षा का महत्व बताना और ऐसी घटनाओं से सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों ने खेल में हिस्सा लिया, जिनमें साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्नों पर आधारित क्विज, दौड़ सहित अन्य मनोरंजक गतिविधियां शामिल थी। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सरल और रोचक तरीके से साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में बताया गया। इन्हें अपनी गोपनीय जानकारी अन्य व्यक्तियों से साझा नहीं करने, पोक्सो एक्ट सहित बाल संरक्षण अधिनियम की जानकारी दी गई और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का उपयोग कब और किन परिस्थितियों में करना है, इसकी जानकारी दी गई। आयोजन में बच्चों ने अत्यंत उत्साह के साथ हिस्सा लिया, जिससे उनके बीच साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी। बच्चों ने सीखा कि इंटरनेट का उपयोग करते समय किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और किस प्रकार से सुरक्षित रहना चाहिए। इसके अलावा वेबसाइट 222.ष्4ड्ढद्गह्म्ष्ह्म्द्बद्वद्ग.द्दश1.द्बठ्ठ पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में भी उन्हें बताया गया। कार्यक्रम के दौरान सरगुजा पुलिस वालंटियर ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें बताया कि साइबर सुरक्षा न केवल बड़ों के लिए, बल्कि बच्चों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए एक सकारात्मक कदम साबित होगा। कार्यक्रम में महिला थाना पुलिस टीम, साइबर वॉलंटियर्स श्रुति तिवारी, अतुल गुप्ता और विक्की गुप्ता शामिल रहे।

Categorized in: