अंबिकापुर। दोपहिया वाहन चोरी के मामले में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने दो आदतन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी किया गया अपाचे आरटीआर दोपहिया वाहन पुलिस ने बरामद किया है। आदतन बदमाश पूर्व में भी वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक जशपुर जिला के ग्राम खरवाटोली, नारायणपुर का श्रीकांत सिंह पिता ईश्वरनाथ सिंह अंबिकापुर के गांधीनगर मोहल्ले में रहकर पढ़ाई करता है। 5 अक्टूबर, शनिवार को रोजाना की भांति वह 5 बजे गांधी स्टेडियम मैदान में पुलिस भर्ती का तैयारी करने के लिए दौड़ने आया था। 7.30 बजे बाहर निकला तो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीपी 2983 नहीं थी। अपने स्तर पर काफी खोजबीन के बाद भी उसका मोटरसाइकिल नहीं मिला। रिपोर्ट पर पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी थी। इसी क्रम में संदेही शत्रुधन पैकरा 28 वर्ष निवासी बरगीडीह थाना लुंड्रा, वर्तमान ठिकाना चम्बोथी तालाब अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथी विद्याधर दास के साथ मिलकर गांधी स्टेडियम के बाहर से दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर मामले में शामिल साथी विद्याधर दास विद्याधर दास उ$र्फ छोटू 27 वर्ष निवासी असोला समलाईपारा को कब्जे में लेकर मोटरसाइकिल अपाचे आरटीआर, कीमत लगभग 01 लाख रुपये बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी पूर्व में भी दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक संदीप सिंह, प्रधान आरक्षक सूरज राय, आरक्षक रमन मण्डल, विवेक राय, नितिन सिन्हा, जगेश्वर मरकम, शिव राजवाड़े शामिल रहे।
