हादसों और साइबर सहित अन्य अपराधों से बचने का गुर जाना छात्राओं ने
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने से खतरे, डिजिटल फ्रॉड्स, महिला सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया। इन्हें यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत दी गई, और नवीन कानून की प्रक्रियाओं की अद्यतन जानकारी दी गई। आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने वाले हेल्पलाइन नंबरों को साझा किया गया।
बता दें कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में पुलिस टीम को स्कूल-कॉलेज में विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में संयुक्त पुलिस टीम, साइबर वालेंटियर, पुलिस मितान के सदस्यों के सक्रिय सहभागिता से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में साइबर जागरूकता एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्राचार्य आर.एल. मिश्रा ने दीप प्रज्वलन करके किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा दोनों ही विषय सीधे आप सभी के जीवन से जुड़ गया है।
उप निरीक्षक अभय तिवारी ने यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता, सड़क सुरक्षा, हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व, अनुशासन पूर्वक वाहन संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का पालन भर नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन के सुरक्षा की गारंटी है। उपस्थित छात्राओं को यातायात के नियमों का पालन करने की समझाइस दी गई। साइबर एक्सपर्ट अनुज जायसवाल ने छात्राओं को इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों की विविधताओं ऑनलाइन धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने के खतरे, डिजिटल फ्रॉड्स के बारे में विस्तार से बताया। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग के महत्व को समझाते हुए इन्हें सजग और सतर्क रहने कहा गया। कार्यक्रम में एन.एस.एस. प्रभारी राकेश राय ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को उदाहरण स्वरूप प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्राओं को समाजसेवा, आत्मनिर्भरता एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। अजय सिंह सहित अन्य उपस्थित जानकारों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। महिला थाना पुलिस स्टाफ द्वारा छात्राओं को महिला सुरक्षा, नवीन कानून की जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने वाले हेल्पलाइन नंबरों 1930, 1098, 181, 112 से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का समापन जागरूकता की शपथ के साथ हुआ। इस दौरान कन्या विद्यालय से शिक्षिका सुनीता दास, सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस मितान, साइबर वॉलंटियर टीम के सदस्य अतुल गुप्ता, श्रुति तिवारी, बसंत श्रीवास्तव, अनमोल बारी सहित काफी संख्या मे छात्राएं उपस्थित रहीं।

Categorized in: