स्कार्पियो वाहन, डीजल और हमला के लिए रखे गए सामानों को जप्त की पुलिस

अंबिकापुर। खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह को पकड़ने में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के 4 सदस्यों को पचिरा टोल नाका से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना कोतवाली, गांधीनगर, मणीपुर व साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने की। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर खड़े ट्रक से डीजल चोरी करते थे। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन, डीजल के अलावा किसी भी परिस्थिति में हमला करने के लिए रखे  सामानों को जप्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। चोरी के मामलों में आरोपी पूर्व में भी जेल की हवा खा चुके हैं। डीजल चोरी के मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हंै, क्योंकि पूर्व में बलेनो कार में आए लोगों के द्वारा भी डीजल चोरी करने का मामला सामने आ चुका है।

खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी और रोकटोक पर हमलावर होने वाले चोरों के आतंक से ट्रक चालक और मालिक परेशान थे। ट्रक मालिक संघ की ओर से निरंतर इस ओर पुलिस अधिकारियों का ध्यान इस ओर दिलाया जा रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने डीजल चोरों की गिरफ्तारी के लिए शहर के तीनों थाना और साइबर सेल की टीम को अलर्ट किया था। सिलसिलेवार डीजल चोरी की घटनाओं की कड़ी में थाना कोतवाली अंबिकापुर में 11 नवम्बर को अबोध कुमार सिंह पिता आत्मानंद सिंह, निवासी छावनी जिला दुर्ग के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि वह भिलाई के एचटीसी सोम लॉजिस्टिक हथखोज कंपनी में ट्रक वाहन क्रमांक सीजी 07 बीएस 4038 का चालक है। 09 नवम्बर को वह एसीसी प्लांट जामुल भिलाई से ट्रक में सीमेंट लोडकर जिंदल ट्रेडर्स अंबिकापुर पहुंचाने आया था। 10 नवम्बर को जिंदल ट्रेडर्स के मालिक द्वारा किसी कारणवश सीमेंट अनलोड नहीं कराने से दुकान के सामने ट्रक खड़ी करके सो रहा था। रात करीब 3 बजे वाहन के डीजल टंकी तरफ आवाज सुनाई देने पर वह साइड मिरर में देखा तो 3 लड़के ट्रक के डीजल टंकी में पाइप डालकर डीजल निकाल रहे थे। जब वह ट्रक से नीचे उतरकर उन लोगों को डीजल निकालने से रोकने का प्रयास किया तो चेहरे में कपड़ा बांधकर रखे दो लोगों ने गुलेल, चाकू से हमला कर दिया और मारपीट करने लगे। इस बीच एक व्यक्ति लगातार डीजल निकाल रहा था। हल्ला करने पर वे मारपीट करना छोड़कर डीजल लेकर अपनी वाहन में सवार होकर भाग गए। इनके द्वारा ट्रक से करीब 200 लीटर डीजल लूटा गया था। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 309(4), 309(6), 312 बीएनएस का मामला पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। इसके पहले भी मणिपुर, लखनपुर थाना में कई ट्रक चालकों के द्वारा वाहन से डीजल चोरी करने का रिपोर्ट दर्ज कराया था। लगातार ट्रकों से डीजल चोरी का मामला सामने आने पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विवेचना में लगी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीव्ही फुटेज देखा। प्रार्थी व गवाहों से पूछताछ के बाद साइबर सेल की टीम ने तकनीकी आधार पर अग्रिम कार्रवाई शुरू की। साइबर सेल की टीम ने सूचना तंत्र एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हांकित किया और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रख रही थी। इसी बीच सूचना तंत्र से पता चला कि संदिग्ध व्यक्ति अपने निजी वाहन से अंबिकापुर क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर साइबर सेल, थाना कोतवाली, गांधीनगर, मणीपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने 23 नवम्बर को अजबनगर पेट्रोल पम्प के पास खड़ी ट्रक से डीजल चोरी करके भाग रहे स्कार्पियो वाहन में सवार लोगों को पचिरा टोल नाका के पास घेराबंदी करके पकड़ा। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, विनय सिंह, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक लालबाबू सिंह, अतुल सिंह, नितिन सिन्हा, साइबर सेल से सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक मनीष सिंह, जितेश साहू, रमेश राजवाड़े थाना गांधीनगर से राहुल सिंह, रमन मण्डल, थाना मणीपुर से उमाशंकर साहू की भूमिका महत्वपूर्ण रही।  


पुलिस इन्हें गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजी
पुलिस ने हीरा लोनी 41 वर्ष, ध्रुव लोनी 22 वर्ष, बसंत लोनी 21 वर्ष, तीनों निवासी सिलपुर थाना कोतमा, रोहित लोनी उर्फ अश्वनी लोनी 25 वर्ष निवासी मलगा थाना रामनगर, जिला अनुपपुर मध्य प्रदेश को कब्जे में लिया और स्कॉर्पियो वाहन, सब्बल, गुलेल, 220 लीटर डीजल मय जरकीन, पुराना कम्बल, डण्डा जप्त किया है। इनके द्वारा लखनपुर रोड जजगा में 15 दिन पूर्व मनेन्द्रगढ़ रोड़ अशोक लिलैंड गैराज के पास, माह सितम्बर में बिलासपुर रोड में खड़ी ट्रक के डीजल टंकी को सब्बल से तोड़कर डीजल की चोरी की थी। गैलन को स्कार्पियो व बलेनो कार में लोड करके एक व्यक्ति के बेच देते थे। इसके बदले में इन्हें नगद पैसा मिल जाता था। पैसा खत्म होता तो ये पुन: एक साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम देते थे। डीजल चोरी करने के लिए प्लास्टिक गैलन मामले में शामिल व्यक्ति ही उपलब्ध कराता था। आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

संभागीय ट्रक मालिक संघ पुलिस विभाग को करेगा सम्मानित

सरगुजा संभागीय ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष रविन्द्र तिवारी ने खड़ी ट्रकों से आए दिन होने वाली डीजल चोरी की घटनाओं को देखते हुए कई बार पुलिस अधीक्षक सरगुजा को आवेदन देकर मामले को गंभीरता से लेने का आग्रह किया था। इसके बाद भी वारदात में कमी नहीं आ रही थी। चोरों का हिंसक रूख भी सामने आ रहा था, जो रोकटोक करने पर ट्रक के चालक व स्टाफ पर हमलावर हो रहे थे। संघ ने सफल अभियान हेतु पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज व पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया है, और कहा है कि यह कार्रवाई न केवल ट्रक मालिकों को बड़ी राहत देने वाली है, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था में विश्वास को भी मजबूती प्रदान कर रहा है। संघ की ओर से इस उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।

Categorized in: