अंबिकापुर। गांधीनगर और धौरपुर थाना पुलिस ने हत्या के दो अलग-अलग मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डिगमा की सरपंच प्रीति सिंह को 4 अक्टूबर को शाम 6 बजे सूचना मिली थी कि ग्राम डिगमा के सहादनपारा निवासी शीला सोन्हा की अज्ञात कारणों से मौत हो गई है। सूचना पाकर जब वह मौके पर पहुंची तो शीला का शव उसके घर के बेड में पड़ा था। मर्ग जांच में सामने आया कि घटना दिनांक की शाम को मृतिका शीला सोन्हा अपने छोटे बच्चे को मार रही थी, इससे आवेशित होकर उसका पति गाली-गलौज करते हुए अपनी पत्नी को गला दबाकर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की क्यूरी में भी डॉक्टर के द्वारा मृत्यू की प्रकृति हत्यात्मक होने का लेख किया है। आरोपी पति उमाशंकर सोन्हा पिता रामरूच सोन्हा 33 वर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति ने बच्चों को मारने की बात से नाराज होकर अपनी पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया।
वहीं धौरपुर पुलिस ने पत्नी को भाई के साथ भगवाने का आरोप लगाते हुए टांगी से वार करके हत्या करने के मामले में आरोपी मोहरसाय पिता संझिया 24 वर्ष निवासी जटासेमर को गिरफ्तार कर लिया है। जशपुर जिला के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंबापकरी तीनपाठ चौकी पण्डरापाठ की सुंदरी बाई ने अपने पति रतनू कोरवाके हत्या की रिपोर्ट धौरपुर थाना में दर्ज कराई थी। वह अपने परिवार के साथ 5 अक्टूबर को बड़े पिता के घर भेड़िया बथानपारा में मेहमानी में आई थी। रात को खाना खाकर पति व बच्चों के साथ परछी में सो रही महिला ने पुलिस को बताया था कि घर में दरवाजा नहीं था। रात करीबन 12 बजे उसके मामा का लड़का मोहरसाय आया और उसके पति रतनू से तुम अपने भाई के साथ मेरी पत्नी को भगवाये हो, कहते हुए बाहर आंगन में खींचकर ले गया और हाथ में रखे टांगी से सिर में मार दिया, जिससे वह जमीन में गिर गया। बीच-बचाव और हल्ला करने पर आरोपी मोहरसाय प्रार्थिया को धक्का दे दिया। सिर से आई गंभीर चोट के कारण रतनू कोरवा की मौके पर ही मौत हो गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी धौरपुर उप निरीक्षक अश्वनी दीवान, सहायक उप निरीक्षक रामधनी राम, आरक्षक सुशील मिंज, दिलेश्वर, हरिकिशुन सक्रिय रहे।

Categorized in: