अपराध नियंत्रण की पहल के बीच बढ़ रहे गंभीर अपराध, पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी

अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना अंतर्गत रहकर जीजा का पिकअप चलाने वाले युवक के साथ धारदार चाकू सहित अन्य हथियार के दम पर मारपीट कर पिकअप, 12 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन की लूट का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को मिली है, जिस पर केस दर्ज कर आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है।

जानकारी के मुताबिक परसापाली, कोट ग्राम का विनोद तिर्की अंबिकापुर के गांधीनगर मोहल्ले में रहकर अपने जीजा संजय का पिकअप चलाता है। 10 जनवरी को वह सामान पहुंचाने के लिए बतौली गया था। यहां से सामान पहुंचाने के बाद खाली पिकअप लेकर रात लगभग 11 बजे लुचकी घाट मार्ग में पहुंचा और लघुशंका के लिए वाहन रोका। इसी बीच चार-पांच लोग वाहन के आगे-पीछे से आकर उसे गाड़ी से खींचकर बाहर उतारे और बलपूर्वक जेब में रखे रुपये और मोबाइल फोन को कब्जे में लेने के बाद पिकअप की चाभी ले लिए। आरोपित उसे गाड़ी के पीछे डाला में घसीटते हुए डालने की कोशिश में लगे थे, इनका साथ पिकअप के डाला में सवार दे रहे थे। किसी तरह इनके चंगुल से छूटकर वह भागते एक पेट्रोल पंप पहुंचा और घटना की जानकारी देते हुए अन्य लोगों की मोबाइल से डॉयल 112 को इसकी सूचना दिया। मौके पर डॉयल 112 की टीम पहुंची और रात में ही कोतवाली पुलिस के सहयोग से लूटी गई पिकअप व लुटेरों की तलाश करने की कोशिश की गई लेकिन इनका पता नहीं चला। दूसरे दिन पुन: लुटेरों की तलाश में प्रार्थी को लेकर पुलिस निकली और सीसीटीवी जांच कर आरोपितों का पता लगाने के प्रयास में जुटी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। पिकअप चालक ने बताया कि लूट के बाद आरोपी पिकअप लेकर अंबिकापुर की ओर भागे थे, वहीं कुछ युवक विपरीत दिशा में चले गए थे। आरोपी किस वाहन में सवार होकर आए थे या झाड़ियों में छिपकर मौका के तलाश में थे, इसके बारे में वह कुछ भी बता पाने में असमर्थ है। बहरहाल पुलिस मामले में धारा 392 का केस दर्ज की है।

Categorized in: