विक्रेता पहुंचे थाना और बताया रुपये रिसीव करते हो गए जालसाजी का शिकार

अंबिकापुर। भवन निर्माण सामग्री क्रय करने के नाम पर 94 हजार रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। इसकी रिपोर्ट शहर के कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई है, जिस पर धारा 420 व 66-डी का मामला कायम कर पुलिस ने जांच में लिया है।
रिपोर्टकर्ता दिनेश प्रजापति पिता स्व. नंदकिशोर प्रजापति ने पुलिस को बताया है कि मयंक शुक्ला ईंट विक्रेता हैं, राजा खान भवन निर्माण सामग्री बिक्री कराने का काम करता है। बीते सात जनवरी को ऑनलाइन पेमेंट के लेन-देन के बीच राजा खान के कहने पर एक बार 49 हजार और दूसरी बार 35 हजार रुपये रिसीव किया गया, इसके बाद उक्त राशि खाते में आने के बजाए कट गई। इस दौरान मयंक शुक्ला के अलावा वह स्वयं, मनाली गया राजा खान व कथित निर्माण सामग्री क्रेता कांफ्रेंस में एक-दूसरे से जुड़े थे। जब उन्हें 49 हजार रुपये और 35 हजार रुपये रिसीव करने के लिए कहा गया तो उन्होंने पहले तो इन्कार कर दिया था, लेकिन बाद में राजा खान के कहने पर मयंक ने रुपये खाते में डालने के लिए कहा। रुपये रिसीव करने के बाद जब कुल 84 हजार रुपये एकाउंट से कट गया, तो उन्होंने कांफ्रेंस में जुड़े राजा को इसकी जानकारी दी। इधर क्रेता ने आश्वस्त किया कि 10 हजार रुपये और रिसीव करने के बाद पूरी रकम उनके खाते में वापस आ जाएगी। रकम खाते में आना तो दूर 10 हजार रुपये और खाते से कट गए। 94 हजार रुपये खाते से कटने के बाद कथित क्रेता ने फोन उठाना बंद कर दिया। राजा को इसकी जानकारी उन्होंने दी, तो उसने तत्काल थाना जाने के लिए कहा। भवन निर्माण सामग्री गिराने के नाम पर की गई ठगी की कोतवाली पुलिस जांच कर रही है।

Categorized in: