नगर बंद करके थाना का घेराव, दो घंटे मुख्य मार्ग में किया चक्काजाम
समुदाय विशेष के दो युवकों को गिरफ्तार की पुलिस

लखनपुर/अंबिकापुर। समुदाय विशेष के दो युवकों द्वारा हनुमान मंदिर एवं प्राचीन शिव मंदिर में बलात प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम देने की घटना से उग्र हुए हिंदू संगठन ने नगर बंद करने के साथ ही थाना का घेराव और चक्काजाम किया। हंगामे के बीच अंबिकापुर-बिलासपुर एनएच में दो घंटे आवागमन पूरी तरह से अवरूद्ध रहा। पूरे दिन नगर के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। पुलिस व राजस्व अधिकारियों की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। इनके द्वारा आरोपियों को थाना में लाने और इनके घर में बुलडोजर चलाने की मांग की जा रही थी। हिंदू संगठनों ने नौ बिंदुओं को लेकर कलेक्टर एवं पुलिस अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।

बता दें कि विगत दिनों लखनपुर के प्राचीन स्वयं भू शिव मंदिर और हनुमान मंदिर में समुदाय विशेष के दो युवक मंगलवार की रात 1.30 बजे दो मंदिरों में चप्पल-जूता पहनकर गर्भगृह में घुसकर मूर्तियों को खंडित किए थे, साथ ही साथ हनुमानजी के चांदी के मुकुट और कड़े को चोरी करके ले गए थे। सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इसकी जानकारी जैसे ही नगर के लोगों को मिली, उनमें आक्रोश था और अपराधियों के गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। इसी तारतम्य में हिंदुओं के धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने को लेकर हिंदू संगठनों ने गुरुवार को सुबह 8 बजे लखनपुर थाना पहुंचकर जोरदार हंगामा मचाया, साथ ही समुदाय विशेष के दोनों आरोपियों को लखनपुर थाने में लाने की बात कहते हुए थाना का घेराव किया। हिंदू संगठन के युवकों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती गई और वे उग्र होते चले गए। इन्होंने गुदरी बाजार के समीप अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में चक्काजाम कर दिया गया। दो घंटे पूरी तरह से आवागमन बंद रहा। इस दौरान नितिश दिहुतिया, अनिल अग्रवाल, महेश्वर राजवाड़े, सुजीत गुप्ता, मोक्ष पांडेय, क्षितिज गोयल, रमेश पांडेय, हर्षित गर्ग, सतीश सोनी, प्रदीप कुमार गुप्ता, राकेश अग्रवाल, विजय अग्रवाल, विकास बंसल, सचिन अग्रवाल, सौरभ, राहुल, आशीष, ललित, दिनेश साहू, यतेन्द्र पांडेय, सचिन बारी, राजन गुप्ता, विजयकांत, सागर विश्वकर्मा सहित काफी संख्या में नगर वासी उपस्थित थे।  

उच्च अधिकारियों के आने के बाद हुआ आवागमन बहाल
हिन्दू संगठनों की उग्रता को देखते हुए सुबह 8 बजे से 11.30 तक बने हालात के बीच पुलिस पूरी तरह बेबस नजर आ रही थी। धार्मिक आस्था के केंद्र, मंदिर परिसर में इस तरह की घटना को समुदाय विशेष के युवकों द्वारा अंजाम देने के कारण मामला काफी तूल पकड़ता जा रहा था। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, एसडीओपी के अलावा राजस्व विभाग से एसडीएम बीआर खाण्डे ने हिंदू संगठन के युवाओं को समझाइश देते हुए मनाया और चोरी के अतिरिक्त धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने के मामले में आरोपियों के विरूद्ध अन्य धारा जोड़ने का आश्वासन दिया, इसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। लखनपुर में इस दौरान व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के साथ होटल और दवा दुकानें भी स्वस्फूर्त बंद रही।

इन बिंदुओं पर समुचित कार्रवाई की मांग
हिंदू संगठनों की ओर से सरगुजा पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन पत्र में नौ बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग की गई है, इसमें अवैध रूप से संचालित कबाड़ दुकानों को पूरी तरह से बंद करने कहा गया है। आरोप है कि यहां चोरी की सामग्री खरीदी जाती है, जिससे चोरी की घटना आए दिन बढ़ रही है। बाहर से आए रोहंगिया व बांग्लादेशी समुदाय विशेष के लोगों, मुसाफिरों का पुलिस वेरिफिकेशन कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। बाहर से आए समुदाय विशेष के लोगों के आधार कार्ड एवं राशन कार्ड की सूक्ष्म जांच कर अपात्रों का कार्ड निरस्त करने, संयोजित तरीके से षड्यंत्र पूर्वक हिंदू लड़कियों को बहला-फुसलाकर लव जिहाद जैसे मामले में फंसाने जैसे मामलों को गंभीरता से लेने और इस पर रोक लगाने, नगर पंचायत क्षेत्र में चौक-चौराहे पर खुले में मांस मटन की दुकान पूर्णत: बंद कराने और एक स्थल का चयन कर इन दुकानों का संचालन कराने, क्षेत्र में लगातार चोरी की बढ़ रही घटना को देखते हुए पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाने, नवयुवकों द्वारा दवा का नशा के रूप में उपयोग पर रोकथाम लगाने, नगर पंचायत क्षेत्र के चौक-चौराहों में सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग करते हुए हिंदू संगठनों के द्वारा  ज्ञापन सौंपा गया है।

Categorized in: