दस दिन में समस्याएं दूर नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी

अंबिकापुर। जर्जर सड़क, नाला निर्माण, जल समस्या, अवैध प्लॉटिंग व ब्लास्टिंग संबंधी समस्याओं के विरोध में एनएच 343 पर ग्राम पंचायत रनपुर में चक्का जाम की चेतावनी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने दी है। कहा गया है कि अंबिकापुर से रामानुजगंज जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एवं आसपास के ग्राम पंचायतों में सड़क की जर्जर स्थिति से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है, जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। साथ ही, सड़क निर्माण के दौरान अत्यधिक धूल उड़ रही है एवं कई स्थानों पर मिट्टी एवं धूल को सड़क के किनारे एवं मोड़ के पास डंप कर दिया गया है, जिससे धूल अधिक उड़ती है और दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। समस्याओं का 10 दिवस के अंदर निराकरण नहीं होने पर प्रदेश स्तरीय उग्र आन्दोलन करने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के नाम दिए गए पत्र में आगाह कराया गया है।

नाला निर्माण से किसानों की सिंचाई प्रभावित
शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि रजपुरी के आगे अंबिकापुर के आउटर रिंग रोड में वर्तमान स्थान पर नाले का निर्माण किया जा रहा है, जिससे कृषि भूमि की सिंचाई बाधित हो रही है। इस कारण लगभग 100 स्थानीय किसान सीधे प्रभावित हो रहे हैं। नाले के निर्माण स्थल को वर्तमान स्थान से हटाकर आगे उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाना आवश्यक है। नाला से निकासी के लिए तीन-चार पाइप लगाने की मांग की गई है।

पर्याप्त बोरवेल नहीं, जल समस्या से जूझ रहे
बताया गया है कि ग्राम रनपुर, राजपुर, असोला एवं देवगढ़ ग्राम पंचायतों में जल की समस्या अत्यंत गंभीर है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य पूर्ण होने के पश्चात भी ग्रामीणों को पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है तथा क्षेत्र में पर्याप्त बोरवेल की व्यवस्था नहीं है, जिससे किसानों एवं आम नागरिकों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

अवैध प्लॉटिंग एवं ब्लास्टिंग से खतरा
इन क्षेत्रों में अवैध रूप से प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा है और चट्टानी क्षेत्रों में पत्थरों को तोड़ने हेतु ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे आसपास के घरों में दरारें आ रही हैं। घरों के क्षतिग्रस्त होने तथा गिरने का खतरा उत्पन्न हो गया है। यह ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, जिस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।

 

Categorized in: