पहाड़ी के पास पहुंची उड़नदस्ता वाहन, तो लुण्ड्रा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय दो सप्लायर मिले

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता, संभाग सरगुजा के द्वारा नशे के सौदागरों के विरूद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। पिछले पांच दिनों में 4 नशे के सौदागर नशीले इंजेक्शन बेचने के जुर्म में जेल दाखिल हो चुके हैं। इसी क्रम में उड़नदस्ता टीम ने पुन: दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है, जो लुण्ड्रा क्षेत्र में नशेड़ियों को नशीला इंजेक्शन लम्बे समय से खपा रहे थे।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि, 19 जून को गश्त के दौरान अंबिकापुर के गर्दनपाठ स्थित प्रसिद्ध पूजा स्थल के पास मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आगे पहाड़ी के पास दो व्यक्ति लाल काले रंग के टीवीएस राइडर बाइक मेें नशीला इंजेक्शन बेच रहे हैं। पहाड़ी की तरफ बढ़ने पर बाइक के पास खड़े दो व्यक्ति नजर आये, जो सरकारी वाहन को देखकर भागने का प्रयास किए लेकिन पकड़े गये। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम रवि घासी निवासी झेराडीह थाना लुण्ड्रा तथा किशुन राम उर्फ बबलू ठाकुर निवासी गढ़वीरा थाना लुंड्रा बताया। रवि घासी द्वारा पकड़े गए नीले रंग के झोले की तलाशी लेने पर उसमें 40 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 40 नग एविल इंजेक्शन मिला, जिसे टीम ने जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22सी के तहत गिरफ्तार करके विशेष न्यायाधीश नार्कोटिक्स अंबिकापुर के समक्ष रिमांड में लेकर जेल दाखिल किया गया। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ विभाग के प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह एवं ओम प्रकाश गुप्ता तथा आबकारी स्टाफ नीरज चौहान सक्रिय रहे।

काफी दिनों से दोनों सप्लायरों की थी तलाश

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि लुंड्रा क्षेत्र के दो बड़े नशीले इंजेक्शन सप्लायरों को गिरफ्तार करने में उन्हें सफलता मिली है। ये दोनों लुंड्रा क्षेत्र में नशीला इंजेक्शन की सप्लाई लंबे समय से करते आ रहे थे, इसकी शिकायत अक्सर प्राप्त हो रही थी, लेकिन इन्हें पकड़ने में सफलता आज मिली है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा के द्वारा नशीली दवाइयों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीनÓ के लिए यह बड़ी सफलता है।

Categorized in: