राहुल गांधी द्वारा छात्रों से खुला संवाद के परिप्रेक्ष्य में कांग्रेस ने की पत्रकारों से चर्चा 

अंबिकापुर। देश शिक्षा और रोजगार के गंभीर संकट से गुजर रहा है। देश में व्याप्त भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अक्षमता ने बुनियादी शिक्षा के साथ ही व्यवसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को अपंग बना दिया है। इसका नतीजा बार-बार पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना, परीक्षार्थियों को दुबारा परीक्षा में बैठना, व्यावसायिक परीक्षाओं का समय से न होना और रोजगार संकट के रूप में सामने आ रहा है। शिक्षा जगत की अव्यवस्था और बेरोजगारी से परेशान युवाओं और उनके अभिभावकों की समस्याओं को समझते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कोटा राजस्थान के दशहरा मैदान में छात्रों से खुला संवाद किया।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रों की गूंज नाम के संवाद को लॉन्च करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार के द्वारा भारत में लादी गई शिक्षा व्यवस्था छात्रों को दबाती है, उन्हें मारती है। यह शिक्षा व्यवस्था सलेक्शन नहीं रिजेक्शन का माध्यम बन गई है। हाल में नीट पेपर लीक के बाद 14 बच्चों ने आत्महत्या कर लिया। साल 2023 में लगभग 67000 युवाओं ने पेपर लीक, बेरोजगारी जैसे दबाव के आगे आत्महत्या कर लिया, लेकिन इससे देश की सत्ता को कोई फर्क नहीं पड़ा। मौजूदा सरकार ने देश की प्रतियोगी व्यवसायिक परीक्षाओं की जिम्मेदारी एनटीओ नाम के एक एनजीओ को सौंप दी है, जिसके कर्ताधर्ता संघ परिवार से हैं। 2019 में गठन के उपरांत इस संस्थान ने जितनी परीक्षाओं का आयोजन किया है, उससे ज्यादा पेपर लीक कराये हैं। विश्वविद्यालयों में सक्षम व्यक्ति के स्थान पर कुलपति बनने की योग्यता संघ की पृष्ठभूमि तय कर दी गई है। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था 1000 छात्रों में से मात्र 12 छात्रों को रोजगार उपलब्ध कराता है। प्रति 3000 प्रतियोगी छात्रों में मात्र एक छात्र यूपीएससी में चयनित होता है। 3000 प्रतियोगी छात्रों में मात्र 30 आईआईटी और 3000 प्रतियोगी छात्रों में मात्र 118 डॉक्टरी की परीक्षा में सफल हो पाते हैं। ऐसे परीक्षाओं की तैयारी पर अभिभावक भारत सरकार के शिक्षा पर बजट 1.4 लाख करोड़ से तिगुनी राशि खर्च कर रही है। नतीजतन सलेक्शन के बाजय रिजेक्शन का यह सिस्टम छात्रों पर दबाव बना उन्हें आत्महत्या को प्रेरित करने के साथ ही साथ देश मे बेरोजगारी का संकट भी खड़ा कर रहा है। शिक्षा और रोजगार संकट पर राहुल गांधी का यह संवाद लगातार जारी रहेगा। इसके तहत 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को नई दिल्ली में संवाद होगा।

राहुल गांधी के 56 वें जन्मदिन पर वृक्षारोपण

राहुल गांधी के 56 वें जन्मदिन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन में आम और लीची के पौधों का रोपण किया। कार्यकर्ताओं ने केक भी काटा, और इस संकल्प को दोहराया कि वर्ष 2029 में देश में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनाकर देश के बदतर हुए हालात को बदला जाएगा। इस दौरान हेमंत सिन्हा, इंद्रजीत सिंह धंजल, मो. इस्लाम, विनीत विशाल जायसवाल, दुर्गेश गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता, लोकेश कुमार, गुरूप्रीत सिद्धू, रजनीश सिंह, जीवन यादव, आशीष जायसवाल, शिवप्रसाद अग्रहरि, विकास शर्मा, पंकज शुक्ला, आलोक गुप्ता, रोशन कन्नौजिया, अंकित जायसवाल मौजूद थे।

Categorized in: