बर्खास्तगी के आदेश पर विचार का आश्वासन, कर्मचारियों ने कहा-हड़ताल समाप्त नहीं स्थगित हुई
अंबिकापुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मियों की हड़ताल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बयान सामने आने के बाद समाप्त हो गई है। एनएचएम के कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़े की थाप पर थिरककर खुशी का इजहार किया, वहीं यह भी संकेत दिया है कि उनकी हड़ताल समाप्त नहीं, स्थगित हुई है। इसके साथ ही काम पर वापसी का दावा जिम्मेदार अधिकारी कर रहे हंै।
एनएचएम के कर्मचारी बीते 18 अगस्त से संविलियन, नियमितीकरण, ग्रेड पे, अनुकम्पा नियुक्ति सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे। मांगों के प्रति जिम्मेदारों का ध्यानाकर्षण कराने इन्होंने कई तरीके से प्रदर्शन किया। सरकार ने एनएचएम के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को देखते हुए इन्हें काम पर वापस आने के लिए 16 सितम्बर की शाम को 5 बजे तक का समय दिया था, लेकिन ये अपनी मांगों को लेकर अडिग रहे। इधर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य सचिव का कड़ा संदेश इनकी सेवा से बर्खास्तगी और नई बहाली के रूप में सामने आया। इसके पहले प्रदेश के दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था। एनएचएम के कर्मचारियों ने अंतिम लड़ाई लड़ते हुए न सिर्फ वृहद रैली निकाली बल्कि सरकारी तंत्र की तानाशाही को लेकर विरोध व्यक्त करते हुए जमकर हल्ला बोला, गिरफ्तारी दी। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री की ओर से चार मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए 3 अन्य मांगों के लिए कमेटी गठन करने आश्वस्त किया गया। इन कर्मचारियों के काम पर वापस लौटने के बाद स्वास्थ्य महकमे में बन रही दिक्कत की स्थिति से निजात मिलेगी।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में पिछले एक महीने से 10 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्र्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों की हड़ताल चल रही थी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के द्वारा 4 मांगों को मानने और तीन मांगों पर उच्चस्तरीय चर्चा चलने का आश्वासन दिया, जिससे इन कर्मचारियों में नई उम्मीद की किरण जगी है। बर्खास्तगी के आदेश के परिपे्रक्ष्य में स्पष्ट किया गया है कि जिनको नोटिस मिला है और जिन्हें नहीं मिला है, सभी अपने कार्यस्थल पर ज्वाइनिंग दें, जिनको बर्खास्त किया गया है, उनके प्रति विचार करेंगे। इसके बाद सरकार और कर्मचारियों के बीच बनी टकराव की स्थिति का फिलहाल पटाक्षेप हो गया है।
कर्मचारियों ने जताया आभार
एनएचएम कर्मचारी संघ की अध्यक्ष शिल्पी राय ने कहा है कि 31 दिन के अथक प्रयास व अनिश्चितकालीन हड़ताल में रहने के बाद 10 में से 7 मांगें पूरी हुई हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, सरगुजा कलेक्टर, सीएमएचओ, डीपीएम का उन्होंने आभार व्यक्त किया है, और स्वास्थ्य मंत्री की ओर से सामने लाए गए बयान पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि 4 मांगों को पूरा करने के साथ ही 3 मांगों को कमेटी के समक्ष रखने का वायदा किया गया है, साथ ही अन्य मांगों की पूर्ति के लिए धैर्य रखने का आग्रह करते हुए 3 माह का समय मांगा है, इसका वे इंतजार करेंगे। शिल्पी ने कहा कि अनिश्चितकालीन हड़ताल की राह पर डटे रहने से ग्रेड पे की संभावना बनी है।

Categorized in: