गांजा के साथ पकड़े गए युवक पर कार्रवाई दौरान धक्का-मुक्की करते हुए गालीगलौज करने का मामला

गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। कोतवाली व विशेष पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर खैरबार खुदीपारा निवासी एक युवक से गांजा बरामद किया है। इस दौरान आरोपी की पत्नी के द्वारा की गई धक्का-मुक्की व गालीगलौज करते हुए पुलिस कार्रवाई में अवरोध उत्पन्न करने पर पुलिस ने महिला आरक्षक की रिपोर्ट पर पृथक से शासकीय कार्य में अवरोध उत्पन्न करने का अपराध दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस को 21 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खैरबार रोड घुटरापारा चौक के पास एक व्यक्ति झोला में गांजा रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस टीम वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मौके पर पहुंची और संदेही को घेराबंदी करके अपने कब्जे में ली। तलाशी में संदेही मनोज सोनी पिता स्व. रामजी सोनी 40 वर्ष, निवासी घुटरापारा चौक खैरबार के पास 170 ग्राम गांजा मिला, इसकी कीमत दो हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही थी, इसी दौरान आरोपी की पत्नी कार्रवाई में अवरोध की स्थिति उत्पन्न करने लगी। पुलिस की समझाइश के बाद भी वह नहीं मानी। पुलिस का कहना है गालीगलौज करते हुए शासकीय कार्य में आड़े आकर वह धमकी भरे लहजे में मेरे पति के विरूद्ध कैसे कार्रवाई करते हो, कहते हुए धक्का-मुक्की कर रही थी। शासकीय कार्य में बाधा को देखते हुए मौके पर मौजूद महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, उप निरीक्षक रंभा साहू, प्रधान आरक्षक मालती तिवारी, महिला आरक्षक सविता मरावी, सहित अन्य ने आरोपिया आरती सोनी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। अंतत: पुलिस ने आरोपी पति के विरुद्ध धारा 20 एनडीपीएक्ट का मामला दर्ज किया, वहीं आरती के विरुद्ध धारा 186, 353 का मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में महिला आरक्षक ज्योति पैकरा, शांति लकड़ा के अलावा प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक सतेन्द्र दुबे, दीनदयाल सिंह भी शामिल रहे।    

Categorized in: