अंबिकापुर। शहर के तीन अलग-अलग स्थानों से चोरों ने मोटरसाइकिल पार कर दिया। रिपोर्ट पर कोतवाली व गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। जानकारी के मुताबिक मायापुर निवासी भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम सर्विस इंजीनियर राजू सोनी पिता छोटेलाल सोनी का 15 जून को शाम करीब 6 बजे हीरो होण्डा स्प्लेण्डर प्रो क्रमांक सीजी 15 सीपी 8142 को गुरूद्वारा कॉम्पलेक्स के पार्किंग में हंैडिल लॉक करके खड़ा किए थे और किसी काम से सुरजपुर चले गए थे। सुरजपुर से रात करीब 9.15 बजे वापस अंबिकापुर पहुंचे तो गुरूद्वारा कॉम्पलेक्स के पार्किंग में खड़ी मोटरसाइकिल नहीं थी। आसपास तलाश के बाद भी मोटरसाइकिल का कहीं पता नहीं चला। अन्य घटनाओं में जशपुर जिला के ग्राम पोसकट ग्राम पंचायत कामारिमा, पुलिस चौकी पंडरापाठ थाना बगीचा निवासी इन्द्रजीत यादव पिता जगत यादव के मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 14 एमसी 0734 को फिरदौसी अस्पताल के सामने से ऑपरेशन, इलाज कराते समय चोर लेकर चलते बने। घटना 15 जून को दोपहर 12 बजे की है। दोपहर करीब 2.30 बजे अस्पताल से छुट्टी मिलने पर जब वह अपने भांजा जगनंदन यादव के साथ बाहर आया, तो मोटरसाइकिल नहीं थी। वहीं टाइल्स लगाने का काम करने वाले महेन्द्र प्रताप एक्का पिता मनमोहन राम एक्का के मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीएन 2796 को अज्ञात चोरों ने सात जून को सुबह 10.30 बजे पुष्प वाटिका गोधनपुर के गेट के पास से पार कर दिया, जिसकी रिपोर्ट हाल में थाना में दर्ज कराई गई है। महेन्द्र प्रताप ने पुलिस को बताया है वह मोटरसाइकिल को खड़ा करके पुष्प वाटिका के अंदर घूमने गया था। दोपहर करीब 1.30 बजे बाहर निकला तो मोटरसाइकिल नहीं थी। तीनों मामले में पुलिस ने पृथक-पृथक धारा 379 का केस दर्ज किया है।

Categorized in: