कृषि मंत्री रामविचार नेताम हुए सख्त, कहा-आगे से ऐसी शिकायत नहीं आनी चाहिए

किराना मर्चेंट एसोसिएशन व चैम्बर ऑफ कामर्स ने मंत्री तक पहुंचाई बात

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री सरगुजा व किराना मर्चेंट एसोसिएशन ने मालवाहक गाड़ियों से प्रशासन के अधिकारियों अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत कृषि मंत्री रामविचार नेताम को ज्ञापन सौंपकर की गई है, जिस पर उन्होंने फोन करके संबंधितों को सख्त हिदायत दी है कि आगे से इस प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए।

किराना मर्चेंट एसोसिएशन ने कैट एवं चेंबर ऑफ कामर्स के पदाधिकारियों के साथ कृषि मंत्री रामविचार नेताम से मुलाकात करके अवगत कराया था कि मंडी के कर्मचारियों द्वारा व्यवसायिक वाहनों के चालकों को चेकिंग के नाम पर अनावश्यक परेशान किया जा रहा है और अवैध उगाही की जा रही है। बताया गया था कि बीते सात जनवरी को वाहन क्रमांक एमपी 21 एच 1817 में किराना व्यवसायियों का सामान कटनी से अंबिकापुर आ रहा था। वाहन में लोड सामान के संपूर्ण कागजात संलग्न थे। मनेंद्रगढ़ में मंडी अधिकारी काशी प्रसाद अग्निहोत्री के द्वारा वाहन को रोककर जांच के नाम पर डराया, धमकाया गया और अवैध वसूली करके धमकाया गया कि अब हमारी सरकार आ गई है, जो करना है कर लो। यही नहीं वसूल की गई राशि की कोई रसीद भी नहीं दी गई। अवैध वसूली करने के बाद ही गाड़ी को छोड़ा गया। किराना मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव अश्विनीलाल गर्ग व छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष अजीत कुमार अग्रवाल ने सौंपे गए ज्ञापन पत्र में माध्यम से जानकारी दी है कि जब व्यापारी सरगुजा के ग्रामीण अंचलों के छोटे व्यापारियों को माल भेजते हैं, तो रास्ते के नाका और थाना में रोककर जीएसटी बिल की मांग सहित माल चेक करने के नाम पर परेशान किया जाता है और अवैध वसूली की जाती है। इसे संज्ञान में लेते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने उच्च अधिकारी को फोन कर निर्देश दिया कि किसी भी व्यापारी को जबरन परेशान नहीं किया जाए, आगे इस तरह की शिकायत मेरे पास नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि यदि इसके बाद भी कोई परेशान करता है तो उचित माध्यम से उन तक जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने आश्वस्त किया है अब शिकायत नहीं मिलेगी, साथ ही कहा कि अवैध धान परिवहन, खरीद फरोख्त पर कार्रवाई होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान किराना मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, सचिव अश्विनी लाल गर्ग, छत्तीसगढ़ चैंबर के सरगुजा जिला अध्यक्ष अजीत कुमार अग्रवाल, कैट से रविंद्र तिवारी और मुकेश अग्रवाल उपस्थित थे।

Categorized in: