अंबिकापुर। बकरी द्वारा टमाटर का फसल खाने की बात को लेकर टांगी से वार करके हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को केदमा पुलिस चौकी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगा जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक उदयपुर थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी केदमा अंतर्गत ग्राम पेंडरखी की सुसेन ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि बीते 16 फरवरी को उसका पति दिलेश्वर रजक बकरी चराने गया था, इसी दौरान एक बकरी शोभनाथ के आंगन में घुसकर टमाटर का फसल को खा गया। इससे नाराज होकर शोभनाथ आवेश में आकर महिला के पति दिलेश्वर रजक से गाली गलौज करने लगा और पीछे से आकर अपने हाथ में रखे टांगा से पीठ में वार कर दिया, जिसमें उसे गंभीर चोट आई थी। उदयपुर अस्पताल में घायल का इलाज करने के बाद चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया था। इसके बाद मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में दिलेश्वर रजक का इलाज चल रहा है। रिपोर्ट पर चौकी केदमा पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) का अपराध पंजीबद्ध किया था, और घटनास्थल का निरीक्षण करके आहत दिलेश्वर रजक का बेड हेड टिकट एक्स-रे व सीटी स्केन रिपोर्ट प्राप्त किया, जिसमें आहत को आई चोट के गंभीर प्रवृत्ति का होना एवं उक्त चोट से मृत्यु सम्भाव्य होना चिकित्सक ने लेख किया है। पुलिस ने चिकित्सक की रिपोर्ट के आधार पर मामले में धारा 109 बीएनएस जोड़कर आरोपी शोभनाथ पिता सोमार साय 53 वर्ष निवासी ग्राम पेण्डरखी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी केदमा उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक नामूल राम, आरक्षक जोधन राम, मुनेश्वर राम सक्रिय रहे।

Categorized in: