कलेक्टोरेट पहुंची महिलाओं ने कहा-एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर करेंगे उग्र आंदोलन

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा में इसी माह खुले अंग्रेजी शराब दुकान को बंद करने की मांग उठने लगी है। मंगलवार को कलेक्टर के जनदर्शन में भी काफी संख्या में पहुंची महिलाओं ने इसकी शिकायत कलेक्टर को आवेदन देकर की है। इस दौरान महिलाओं ने जमकर नारेबाजी भी की। इसके पहले उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों तक गुहार लगाई, लेकिन किसी प्रकार की सुनवाई नहीं हुई, जिस कारण नौतपा की गर्मी झेलते महिलाएं अंबिकापुर पहुंच गईं। इनका कहना है कि जिस स्थान पर शराब दुकान खोला गया है वह गौरव पथ के नजदीक है। इसके आसपास ही आंगनबाड़ी हरिजनपारा, पाठशाला, गायत्री मंदिर, ब्रम्हाकुमारी पाठशाला, मिनी स्टेडियम भी स्थित है, जहां लोगों का आना-जाना लगे रहता है। स्कूली बच्चों का आना-जाना इस मार्ग से होता है। शराब दुकान खुलने से यहां का माहौल अशांत हो रहा है, पियक्कड़ कब, किससे उलझ जाएंगे, कहना मुश्किल है।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम कोटेया से स्कूल आने वाले विद्यार्थियों के आने-जाने का भी यह प्रमुख मार्ग है। भविष्य में किसी प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसे देखते हुए गांव में खोले गये शराब दुकान को बंद करने का आग्रह किया गया है। ग्राम पंचायत कोटेया की सरपंच रीता सिंह भी शराब दुकान खुलने से भविष्य में पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंतित हैं। कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंचीं सरोज सिंह, सविता सिंह, रजनी, शांति सिंह, दलेश्वरी सिंह, रामकुमारी, प्रभा चैधरी, सुशीला यादव, सुमित्रा नायक, मोहरमनिया, ललिता सिंह, जगनी कुजूर, ममता दास, आरती दीवान, किरण, सुशीला सहित अन्य ने एक सप्ताह के अंदर शराब दुकान बंद करने के लिए किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। सवाल यह भी उठ रहा है कि शराब दुकान खोलने का प्रस्ताव पंचायत तक आया होगा, इस पर सहमति की मुहर किसने लगाई। ग्रामसभा में भी मामला सामने आया होगा, तत्समय विरोध का स्वर किसी ने मुखर क्यों नहीं किया, या फिर शराब दुकान खोलने के लिए मौन सहमति दे दी गई। मामला जो भी, जिस प्रकार भरी गर्मी में कलेक्टर से मुलाकात करने महिलाएं पहुंची थीं, इससे तो यही प्रतीत होता है कि, वे गांव में शराब दुकान खुले, इसके पक्ष में नहीं हैं। देखना यह है कि जिला प्रशासन या आबकारी प्रशासन मामले को संज्ञान में लेकर क्या कार्रवाई करता है।

Categorized in: