अंबिकापुर। राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के पास स्थित ट्रांसफार्मर में मंगलवार को दोपहर करीब 1.15 बजे अचानक आग लगने से अफरातफरी की स्थिति बन गई। अस्पताल स्टाफ व सुरक्षा कर्मियों की सूझबूझ से आग को नियंत्रित किया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग का प्रभाव अस्पताल के मुख्य भवन में स्थित एक्स-रे व यूएसजी सेंटर के पास पैनल रूम तक देखने को मिला, जिससे मरीजों के संबंधियों के बीच भगदड़ के हालात बन गए। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है।

अचानक आग लगने के बाद बनी स्थिति के बीच मौजूद अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों और संबंधित स्टाफ अभ्यास पटेल, अभिजीत राय, त्रिशाल बोस व इलेक्ट्रिशियन ने फायर-स्टिंगर व अन्य प्राथमिक अग्निनिवारक साधनों का उपयोग करके आग को शीघ्र ही नियंत्रित कर लिया। इसकी सूचना मिलने पर डॉयल 112 व मणीपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी भी अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम मार्ग से आने-जाने वाले लोगों के बीच किसी प्रकार की खतरे की स्थिति न बने और आग बुझाने में किसी प्रकार का अवरोध न हो, इस पर नजर रख रही थी। किसी प्रकार की बड़ी जन-हानि या संपत्ति नुकसान नहीं होने से सभी ने राहत की सांस ली। भीषण गर्मी के बीच पुन: ऐसे हालात न बनें, इसे देखते हुए तकनीकी जांच के लिए विद्युत व तकनीकी विभागों को अस्पताल के सुरक्षा प्रभारी द्वारा सूचित करके ट्रांसफार्मर और विद्युत कनेक्शन की विस्तृत जांच व मरम्मत कराने का आग्रह किया गया है। साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रोटोकॉल की समीक्षा करते हुए सुरक्षा स्टॉफ का पुन: प्रशिक्षण सुनिश्चित करते हुए, अस्पताल भवन तथा आसपास के क्षेत्रों में फायर-सेफ्टी उपकरणों एवं चेतावनी संकेतों की अभिवृद्धि की गई है।

Categorized in: