राजधानी पटना में बदमाशों ने जमीन कारोबारी की सरेआम हत्या कर दी। बिहटा थाने के अमहारा गांव में रविवार की देर शाम घर के समीप पुल पर बैठकर नातिन को खेला रहे जमीन कारोबारी की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि मासूम नातिन जख्मी हो गई। मृतक की पहचान अमहारा निवासी स्व राम इनत साव के 45 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार साव और घायल की पहचान डेढ़ वर्षीय सोहरा कुमारी के रूप में की जा रही है।

घटना से गुस्साए लोग बिहटा-बिक्रम और बिहटा-महाबलीपुर मार्ग पर आगजनी कर हंगामा करने लगे। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों ने खदेड़ दिया। इस अफरातफरी में पुलिस की गाड़ी का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। खबर लिखे जाने तक लोग प्रदर्शन कर रहे थे।

जमीन कारोबारी को गोलियों से भूना
जानकारी के अनुसार, जमीन कारोबारी सुनील साह अपने घर के बगल में भूतिया माई के समीप नाले पर बने पुल पर बैठकर अपनी मासूम नातिन को गोद में लेकर खेला रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दो अपराधी कारोबारी पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार करते हुए फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल कारोबारी और नातिन को नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने कारोबारी को मृत घोषित कर दिया। जबकि नातिन का इलाज चल रहा है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी प्रक्षिशु डीएसपी सह थानाध्यक्ष डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि जमीन कारोबारी की गोलीमार कर हत्या की गई है। वहीं गोली के संपर्क में आने से मृतक की नातिन जख्मी हो गई है। कारोबारी को आठ गोली लगी है। घटनास्थल से पुलिस ने दस खोखे बरामद किए हैं। पुलिस क्षेत्र की नाकेबंदी कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है।

बाढ़ में युवक की हत्या 
वहीं बाढ़ में एनटीपीसी थाना के पेंदाचक गांव के पास कुणाल (22) की अपराधियों ने शनिवार की रात को साजिश के तहत गोली मारकर हत्या कर दी। शव को सड़क पर छोड़कर अपराधी भाग गए। सुबह में ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। कुणाल परसामा गांव का रहने वाला था। परिजनों ने मृतक के दोस्त पर वारदात को अंजाम देने का अंदेशा जताया है। हालांकि जांच के बाद ही मामले का खुलासा होगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच
परिजनों ने बताया कि कुणाल 11 बजे रात तक गांव में ही था। उसने दुकान से सिगरेट खरीदी थी। इसके बाद वह अपने मित्र के साथ चला गया। सुबह में कुणाल की हत्या की जानकारी लोगों को मिला। कुणाल को अपराधियों ने पहले बांह के नीचे गोली मारी। कयास लगाया जा रहा है कि जख्मी होने के बाद जब कुणाल सड़क पर गिर गया तब अपराधियों ने गोली उसके गर्दन व सीना में दाग दी। इसके बाद अपराधी भाग गए। मृतक के हाथ में उसका मोबाइल बरामद किया गया है। परिजन बताते हैं कि कुणाल को हत्या के इरादे से अपराधी घटनास्थल पर ले गए। गोली चलने की आवाज भी लोगों ने सुनी पर रात के अंधेरे में किसी ने मामले की तह में जाने की कोशिश नहीं की। कुणाल इंटर पास था। वह घर पर ही रहता था।

Categorized in: