पुलिस अधीक्षक को गंभीर अनर्गल क्रियाकलाप करने की मिली थी सूचना
बलरामपुर। बगैर सूचना के प्रधान आरक्षक और आरक्षक को पश्चिम बंगाल भेजने के मामले में पुलिस अधीक्षक बलरामपुर ने कुसमी थाना प्रभारी ललित यादव सहित एक प्रधान आरक्षक और आरक्षक को निलम्बित कर दिया है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के कुसमी थाना में प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान नोटिस तामिली हेतु थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक विष्णुकांत मिश्रा और प्रधान आरक्षक प्रांजुल कश्यप को थाना प्रभारी कुसमी निरीक्षक ललित यादव के द्वारा बिना किसी सूचना, अनुमति के मनमाना तरीके से दिगर राज्य पश्चिम बंगाल के आसनसोल रवाना किया गया था। पुलिस अधीक्षक ने आदेश में उल्लेख किया है कि दोनों प्रधान आरक्षक बिना किसी वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराए स्वेच्छापूर्ण तरीके से गंभीर अनर्गल क्रियाकलाप करने की सूचना प्राप्त हुई है। ऐसे में कुसमी थाना प्रभारी और दोनों प्रधान आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करके रक्षित केन्द्र बलरामपुर में संबद्ध किया गया है। निलम्बित अधिकारियों और कर्मचारियों को निलम्बन अवधि में नियमानुसार गुजारा भत्ता की पात्रता होगी। निलम्बन की कार्रवाई से कार्यालय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सहित जिले के अधिकारियों को अवगत कराया है।

Categorized in: