अभियान तलाश एवं वारंट तामिली में अच्छी कार्रवाई करने वालों को मिलेगा ईनाम
अंबिकापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा राजपात्रित पुलिस अधिकारियों समेत थाना, चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आगामी मुहर्रम त्यौहार को लेकर पुलिस टीम को शांति समिति की बैठक आयोजित कर व्यवस्था बनाने कहा गया। हिट एंड रन के प्रकरणों में थाना, चौकी प्रभारियों को घटना की सूचना मय प्रतिवेदन एसडीएम कार्यालय को भेजने निर्देशित किया गया। नाबालिगों के संबंध में जारी अभियान मुस्कान के तहत अधिक से अधिक दस्तायाबी के निर्देश दिए गए। पुलिस थाना व चौकी में आने वाले फरियादियों एवं आम जनमानस से संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं को सुनकर निराकृत करने कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों व समस्त थाना, चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। समीक्षा बैठक में उन्होंने थानावार लंबित अपराध, चालान, शिकायत, मर्ग की जानकारी थाना, चौकी प्रभारियों से ली और प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अपराधों के त्वरित निराकरण करने के दिशा-निर्देश दिए गए। विवेचकों को प्रकरण अनावश्यक लंबित नहीं रखने की समझाइस दी गई। मोहर्रम पर्व के दौरान निकाले जाने वाले जुलुस के दौरान सभी पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों को सतर्कता से ड्यूटी करने एवं रैली के आगे एवं पीछे पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। हिट एंड रन के प्रकरणों के थाना चौकी प्रभारियों को घटना की सूचना मय प्रतिवेदन एसडीएम कार्यालय को भेजने कहा गया, जिससे आहत एवं मृतकों के परिजनों को राहत राशि समय पर मिल सके। अभियान तलाश एवं वारंट तामिली अभियान पर अच्छी कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों की सूची कार्यालय भेजने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे बेहतर कार्य करने वालों को ईनाम देकर प्रोत्साहित किया जा सके। थाना, चौकी क्षेत्रों में प्राथमिक स्तर पर ही जनमानस की समस्याओं को सुनकर संवेदनशीलता के साथ मामलों का निराकरण करने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा फरियादियों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने से आम नागरिकों का पुलिस के कार्रवाई के प्रति विश्वास बढ़ेगा और पुलिसिंग सुदृढ़ होगी। समीक्षा बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर राजेंद्र मंडावी, स्टेनो निरीक्षक (एम) फबियानुस तिर्की, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, रीडर सहायक उप निरीक्षक अमित पाण्डेय एवं समस्त थाना, चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Categorized in: