रघुनाथपुर पुलिस चौकी अंतर्गत संचालित कोल डिपो में अधिकारियों ने पाई अनियमितता

अंबिकापुर। जिले में कोयले का अवैध कारोबार किसी से छिपा नहीं है। लंबे समय से पुलिस व प्रशासन की नजर कोल डिपो के आड़ में चल रहे अनियमित कारोबार पर नहीं पड़ने से ग्रामीण क्षेत्रों तक पैर पसार कर बैठे कोल डिपो संचालक चांदी काट रहे थे। मिलीभगत जैसी बातें भी गाहे-बगाहे सामने आ रही थीं। इसी क्रम में सरगुजा पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने सरगुजा जिले के पुलिस चौकी रघुनाथपुर क्षेत्रान्तर्गंत ग्राम बटवाही व सिलसिला में संचालित कोल डिपो में दबिश दी, तो कोयले का अकूत भण्डारण होना सामने आया है। कोल डिपो के निर्धारित मापदण्ड व भण्डारण में अनियमितता पाए जाने पर कोल डिपो संचालकों को नोटिस भी जारी किया गया है। खनिज विभाग द्वारा डिपो संचालकों के विरूद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
विदित हो कि जिला प्रशासन द्वारा सरगुजा पुलिस एवं खनिज विभाग की विशेष संयुक्त टीम का गठन कोल डिपो की जांच के लिए किया गया था, जिसमें खनिज अधिकारी, पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना, चौकी के लगभग 50 पुलिस स्टॉफ शामिल किए गए थे। छह अलग-अलग टीमों ने दो दिवस, 29 एवं 30 मार्च को लगातार पुलिस चौकी रघुनाथपुर क्षेत्र अंतर्गत स्थित कोल डिपो हरिओम ट्रेडिंग कंपनी बटवाही, जय दुर्गा मल्टीट्रेड प्राइवेट लिमिटेड बटवाही, हिन्द युनिट्रेड प्राइवेट लिमिटेड बटवाही, मेसर्स मारूति मिनरल्स बटवाही एवं मेसर्स भारत एनर्जी कोल डिपो सिलसिला का औचक निरीक्षण किया। टीम ने डिपो में डंप किए गए कोयला के ऑनलाइन दर्शित मात्रा के अनुसार भौतिक सत्यापन भी किया, इसमें अनियमितता पाई गई है। इसके अलावा ऑनलाइन स्टॉक, वाहनों के ट्रांजिट पास, पर्चियों, रजिस्टरों, मशीनरी एवं गुणवत्ता इत्यादि का सत्यापन किया गया और इसके संधारण व रख-रखाव संबंधी हिदायत भी दी गई। सभी कोल डिपो संचालकों को खनिज विभाग द्वारा पृथक से मौके पर पंचनामा तैयार कर निर्धारित मापदण्ड व भण्डारण में अनियमितता पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया है। खनिज विभाग द्वारा माइनिंग एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।

Categorized in: