एसपी ने पुलिस टीम को शाबासी देते हुए विभाग की ओर से पुरस्कृत करने की घोषणा की

प्रतापपुर। स्थानीय पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पर्दाफास करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्थानीय व अंतर्राज्यीय मुख्य सरगना सहित 04 आरोपियों से 22 दोपहिया वाहन बरामद किया है। जब्त मोटरसाइकिलों की कीमत का आंकलन पुलिस ने 12 लाख 25 हजार रुपये किया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर एमआर अहिर ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफास करते हुए बताया कि पिछले कई दिनों से सूरजपुर जिला के प्रतापपुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की बातें सामने आ रही थी। इसके लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों व अधीनस्थों को चोरों का सुराग लगाने दिशानिर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली प्रतापपुर ब्लॉक से लगे राजपुर ब्लॉक के मुरका ग्राम का दिल मोहम्मद पड़ीपा नामक गांव में एक हीरो एफएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। मुखबिर की सूचना के बाद तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने दोपहिया वाहनों की चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि इसी वर्ष 22 मार्च को वह प्रतापपुर से शुक्रवार को बाजार के दिन का लाभ उठाकर किराना दुकान के सामने बिना लॉक किए खड़ी हीरो एफएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीएक्स 4922 को चोरी करके ले गया था। मोटरसाइकिल स्टार्ट करने के लिए वह अपने साथ लाए चाभी का इस्तेमाल किया था, इसके बाद मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था। पुलिस अधीक्षक ने बताया दिल मोहम्मद ही इस अंतर्राज्यीय गिरोह का मुख्य सरगना है, उसने पूछताछ के दौरान 26 चोरी की गई मोटरसाइकिलों की विस्तार से जानकारी दी, जिसे वह विभिन्न क्षेत्रों से डेढ़ साल के अंदर चोरी किया था। आरोपी के निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 22 मोटरसाइकिलों को पुलिस ने बरामद किया है। इनमें से कुछ दोपहिया वाहन को वह मात्र चार-पांच हजार रुपये में बेच दिया था, कुछ को गैरेजों में बनाने के लिए दिया था। पुलिस ने आठ मोटरसाइकिल दिल मोहम्मद के घर से जप्त की है, जिन्हे बेचने के लिए छिपाकर रखा था। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरूद्ध धारा 379, 41 (1-4) जाफौ 379, 411 कायम करके इन्हें विधिवत गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया है।

एसपी ने पुलिस टीम की दी शाबासी
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर एमआर अहिरे ने मामले का पर्दाफास करते हुए बताया कि नशे के शौक की पूर्ति के लिए सरगना प्रमुख मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देेते आ रहा था। दोपहिया वाहनों की चोरी से पुलिस परेशान थी और चोरों के मांद तक पहुंचने हरसंभव प्रयास कर रही थी। इसके लिए उन्होंने पुलिस टीम को शाबासी दी और चोर गिरोह का पर्दाफास करने के लिए विभाग की ओर से पुरस्कृत कर इनका उत्साहवर्धन करने की बात कही।

डेढ़ साल में 26 मोटरसाइकिल चोरी
पुलिस अधीक्षक ने बताया गिरोह का सरगना दिल मोहम्मद नशे का शौकीन है। नशे की पूर्ति के लिए वह मोटरसाइकिल चोरी करता था। डेढ़ साल में वह 26 मोटरसाइकिल चोरी करने की स्वीकारोक्ति कर रहा है। आरोपी के द्वारा प्रतापपुर क्षेत्र से चोरी की गई 11 मोटरसाइकिलों में 01 टीवीएस स्टार, 05 हीरो एचएफ डीलक्स, 03 हीरो स्पलेण्डर प्लस, 01 बुलेट, 01 हीरो पैशन प्रो के अलावा बरियों से 01 हीरो स्पलेण्डर एवं 01 एचएफ डीलक्स, अंबिकापुर से 06 चोरी की गई मोटरसाइकिलों में 03 हीरो स्पलेण्डर, 01 होण्डा साइन, 01 बजाज डिस्कव्हर, 01 बजाज पल्सर, शंकरगढ से 01 होण्डा ड्रीम योगा, राजपुर से 03 हीरो एफएफ डिलक्स, बलरामपुर से 01 बजाज डिस्कव्हर व वाड्रफनगर से 01 हीरो होण्डा सीडी डॉन शामिल हैं।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने गिरोह के सरगना दिल मोहम्मद के साथ उसके साथी मो. तसरिफ शाह पिता रज्जाक शाह 35 वर्ष को उसके घर बरहोर बभनी उत्तरप्रदेश से, राजपुर घोरघड़ी से अरबाज पिता रजब अली 23 वर्ष, कोचली चौकी थाना पस्ता के लालमाटी निवासी संजय कुमार देवांगन पिता रामकिशुन देवांगन 27 वर्ष को गिरफ्तार किया है। चौकी वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम रामपुर निवासी मसी आलम एवं विशुनपुरा वाड्रफनगर निवासी इमरान खान फरार हैं, पुलिस इनके खोजबीन में लगी है।

इनके मार्गदर्शन में टीम रही सक्रिय
मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफास करने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक रजनीश त्रिपाठी, रविशंकर चौबे, रामाधीन श्यामले, मनोज केरकेट्टा, आनंद प्रकाश एक्का, आरक्षक इन्द्रजित सिंह, राजेश तिवारी, भीमेश सिंह आर्मो, महेश्वर सिंह, विरेन्द्र कुजूर, शशिकांत मिश्रा, निशांत टोप्पो, अवधेश कुशवाहा, राकेश यादव, मंगलेश्वर राजू एक्का सक्रिय रहे।

चोरी की तीन मोटरसाइकिल के साथ दो गिरफ्तार

अंबिकापुर। सिलसिलेवार हो रही मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस व विशेष टीम ने दो आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया वाहन को बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान सीसीटीव्ही फुटेज के माध्यम से की।  
कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरबार निवासी राकेश यादव पिता रामकरण यादव 30 वर्ष ने 16 फरवरी 2021 को मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीपी 6042 की चोरी बौरीपारा स्थित देशी शराब दुकान के पास से होने की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराया था। वहीं संतोष कुमार राजवाड़े पिता रामप्रसाद राम राजवाड़े 30 वर्ष, निवासी बाकीपुर थाना गांधीनगर ने 18 मार्च 2024 को हीरो होण्डा स्पलेण्डर प्लस क्रमांक सीजी 15 सीएफ 3225 को शहर के न्यायालय परिसर के बाहर से व टकेश्वर राजवाड़े पिता जयनारायण राजवाड़े निवासी कटोरा के द्वारा 22 मार्च 2024 को पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीपी 4185 गांधी स्टेडियम से अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लेने की जानकारी पुलिस को दी थी, जिस पर अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस विवेचना में लगी थी। आरोपियों के तलाश एवं चोरी गई मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए जिला स्तर पर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने चोरों की पहचान के लिए सीसीटीव्ही फुटेज खंगाला तो आरोपियों की पहचान ग्राम बड़गवां प्रतापपुर निवासी अजय सिंह व ग्राम बिरिमकेला खालपारा बतौली निवासी अनूप उर्फ बब्लू चौहान के रूप में हुई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को अंबिकापुर स्थित अग्रसेन चौक के पास से घेराबंदी करके पकड़ा। हिरासत में लेकर पुलिस इनसे पूछताछ की तो इन्होंने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गई वाहनों को जप्त कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना कोतवाली से प्रधान आरक्षक अमित प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक विजय रवि, आरक्षक विवेक राय, विशेष टीम से आरक्षक सतेन्द्र दुबे, आरक्षक राहुल सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी
* अजय सिंह 37 वर्ष, निवासी बडगंवाकलॉ, पण्डोपारा थाना प्रतापपुर।
* अनुप उर्फ बब्लू चैहान 45 वर्ष, निवासी बिरिमकेला, खालपारा, थाना बतौली हाल-मुकाम पटेलपारा अंबिकापुर।

Categorized in: