प्रतापपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर भीड़ का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने मुख्य मार्ग में स्थित एक ज्वेलरी शॉप से दस लाख से ज्यादा की ज्वेलरी पार कर दी। घटना शुक्रवार की रात 12 से 2 बजे के बीच की है। चार नकाबपोश चोरों ने घटना को अंजाम दिया। प्रतापपुर में पहली बार बड़ी चोरी की घटना हुई है। सूचना के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और स्निफर डॉग और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से चोरों की पतासाजी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक नगर में मस्जिद के सामने नंदलाल सोनी की प्रकाश ज्वेलरी नामक दुकान है। रोज की तरह वे और उनका पूरा परिवार खाना खाने के बाद सोने चला गया था। इसी बीच रात 12 बजे से 2 बजे के बीच नकाबपोश चोरों ने शटर तोड़कर घटना को अंजाम दिया। दुकान संचालक के अनुसार चोर दुकान से सोना और चांदी के कई आभूषण ले गए हैं, जिनकी कीमत दस लाख रुपये से ज्यादा है। उन्हें चोरी की जानकारी तब मिली जब मॉर्निंग वॉक दौरान स्थानीय व्यक्ति ने शटर थोड़ा उठा देखा और उसके नीचे ईंट दिखाई दी। वह हल्ला करके परिवार के लोगों को उठाकर इसकी जानकारी दिया। धीरे-धीरे चोरी की खबर फैली और काफी लोग दुकान के पास इक_ा हो गए। चोरी की जानकारी मिलने पर एसडीओपी अरुण नेताम, थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, चंदोरा प्रभारी प्रमोद पांडेय, प्रधान आरक्षक रजनीश त्रिपाठी, मनोज लकड़ा, राजेश तिवारी, अवधेश कश्यप सहित पुलिस टीम दुकान के पास पहुंची। स्निफर डॉग की मदद से चोरों के आने-जाने के रास्ते की पहचान की गई और पेचकस, सब्बल सहित अन्य सामग्री बरामद किया गया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने जूतों और हाथ के निशान लिए हैं, वहीं पुलिस ने दुकान के साथ आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है। पुलिस ने दुकान संचालक से चोरी गए आभूषणों का बिल मांगा है। इसके बाद पुलिस अपराध पंजीबद्ध करेगी। चोरों की हरकत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। चोर इत्मिनान से आराम से घटना को अंजाम देते दिख रहे हैं। तीन लोग शटर तोड़ने का काम कर रहे हैं और एक दूर से निगरानी करते दिख रहा है, जो बाद में इनके पास आता है। इस मार्ग से जब वे किसी को गुजरते देखते थे तो दुकान के बाहर ही सीढ़ियों पर सो जाते था, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। चोर रात 11 बजकर 40 मिनट पर दीप पैथोलाजी के बगल वाली गली से मुख्य मार्ग में पहुंचे थे।

जल्दी ही पकड़े जाएंगे चोर-एसडीओपी
एसडीओपी अरुण नेताम ने कहा कि चोरी की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। डॉग स्क्वायड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी पहुंच गए थे। जांच के दौरान कई तरह की बातें सामने आई हैं, उम्मीद है पुलिस बहुत जल्द मामले का पर्दाफास करेगी और आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।

Categorized in: