अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के राजपुर थाना अंतर्गत बरियों चौकी पुलिस ने पिकअप वाहन से अवैध डीजल परिवहन के मामले में दो आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया है। गश्त में निकली पुलिस को सूचना मिली थी कि दो अज्ञात व्यक्ति असुरक्षित तरीके से पिकअप वाहन में बड़े-बड़े ड्रमों में डीजल भरकर ले जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बरियो पुलिस चौकी के सहायक उपनिरीक्षक मुन्ना राम टोप्पो 17 अक्टूबर को देर रात 12.20 बजे स्टाफ के साथ गश्त पर रवाना हुए थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप दो व्यक्ति डीजल का असुरक्षित तरीके से अवैध परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ग्राम सिधमा की ओर रवाना हुई। इस दौरान ग्राम सिधमा बाजारपारा के पास सफेद पिकअप क्रमांक सीजी 15 एसी 1403 को उन्होंने रोका, जिसे रविशंकर पिता मोहरलाल जाति कंवर 27 वर्ष चला रहा था। पिकअप में यश जायसवाल पिता संतोष जायसवाल 26 वर्ष भी सवार था। दोनों ग्राम सिधमा के ही रहने वाले हैं। पिकअप की तलाशी में 200 लीटर के आठ ड्रम में 1600 लीटर डीजल भरा हुआ पाया, इसकी कीमत एक लाख 51 हजार 328 रुपये बताई जा रही है। पुलिस टीम ने पिकअप के साथ डीजल को जप्त कर लिया है। जांच के दौरान वाहन चालक और सवार के पास डीजल के परिवहन से संबंधित किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया है।

Categorized in: