मोहल्ले के नजदीक मिलेगी लोगों को स्वास्थ्य सुविधा

अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर स्थित मुक्तिपारा में शासकीय होम्योपैथी चिकित्सा केंद्र के उन्नयन पश्चात हमर क्लीनिक, शहरी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का उद्घाटन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने किया। अंबिकापुर नगर निगम में यह तीसरा हमर क्लीनिक है। इससे पहले हमारे क्लीनिक गोधनपुर एवं हमर क्लिनिक बौरीपारा का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री ने किया था। मोहल्ले के नजदीक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो इसी उद्देश्य से राज्य शासन हर दो-तीन वार्ड के बीच में हमर क्लीनिक खोल रही है। अंबिकापुर में कुल 14 ऐसे क्लीनिक खोलने हैं जिनका निर्माण कार्य प्रगति पर है। प्रत्येक हमर क्लीनिक में एक एमबीबीएस चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट, एक एएनएम, एक एमपीडब्ल्यू मेल, एक डाटा एंट्री ऑपरेटर और एक चतुर्थ वर्ग के कर्मचारी की भर्ती की जाएगी। यह संस्था डे केयर के रूप में कार्य करेगी, जहां पर लगभग 114 तरह की दवाइयां निशुल्क प्राप्त होंगी एवं 16 तरह की पॉइंट ऑफ केयर लैब्स जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ऐसे जांच जो वहां पर नहीं हो पाते उनका सैंपल लेकर हमर लैब में भेजा जाएगा, जहां से उनकी रिपोर्टिंग की जाएगी। इस मौके पर महापौर डॉ. अजय तिर्की, एमआइसी सदस्य द्वितेंद मिश्रा, पार्षद मंजूषा भगत व अन्य पार्षद, जनप्रतिनिधि, सीएमएचओ डॉ. पीएस सिसोदिया, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. केडी मिश्रा, डॉ. आयुष जयसवाल, डॉ. अमीन फिरदौसी सहित अन्य मौजूद थे।

Categorized in: