अंबिकापुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में 90वीं शिव जयंती के मौके पर बलरामपुर जिला पंचायत की सीईओ नयन तारा सिंह तोमर, सीईओ जिपं अंबिकापुर विनय अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राकेश बघेल, आर्ट ऑफ लिविंग के संचालक अजय तिवारी एवं ब्रह्माकुमारी संचालिका अंबिकापुर बीके विद्या व अन्य ब्रह्माकुमारी बहनों ने ध्वजारोहण के बाद केक काटा।
सीईओ नयन तारा सिंह तोमर ने कहा कि कलयुग में अशांत वायुमंडल होने के कारण हमें आध्यात्म की जरूरत पड़ती है। जिस प्रकार शरीर के लिए भोजन और एक्सरसाइज की जरूरत होती है, उसी प्रकार आत्मा का भोजन और एक्सरसाइज आध्यात्म से होता है। इससे हमारी चेतना जागरूक होकर सही निर्णय लेने एवं हर कार्य में सफलता दिलाने में मदद करती है। सीईओ विनय अग्रवाल ने अपने अनुभव के साथ कहा कि सेंटर में जुड़ने से सहजता का अनुभव होता है। यहां दी जा रही सेवाओं से शांति, संतुष्टता मिलती है। संस्था का कार्य बहुत अच्छा है। राकेश बघेल ने बताया कि योग, तपस्या, धारणा के कारण हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारियांयों को सहजता से वे निभा पाते हैं। अजय तिवारी ने कहा कि आध्यात्म आत्मा का भोजन है यह संस्था बाह्य से अंतर्मुखी की तरफ ले जाना सिखाती है। ब्रह्माकुमारी विद्या ने शिव अवतरण दिवस को स्पष्ट करते हुए बताया कि शिवरात्रि एक ऐसा पर्व है जिसमें रात्रि शब्द जुड़ा हुआ है। शिवरात्रि अर्थात सृष्टि पर मनुष्य अज्ञानता रूपी अंधकार के कारण विकारों में घिर जाते हैं, तब निराकार परमात्मा शिव स्वयं इस धरा पर आकर आत्मज्योति में ज्ञान घृत डालकर हमारे अंदर के बुराइयों को समाप्त कर विकारों पर जीत पाना सिखाते हैं। इस दिन उपवास रखा जाता है। उप का मतलब निकट वास अर्थात परमात्मा के समीप रहना ही सच्ची शिवरात्रि मनाना है। इस मौके पर संस्था से जुड़े सैकड़ो लोगों की उपस्थिति रही।

Categorized in: