अंबिकापुर। धान बेचने के बाद भी किसानों को समय पर पूरा भुगतान नहीं मिलने से नाराज किसानों ने गुरुवार को आकाशवाणी चौक स्थित सहकारी बैंक के बाहर चक्काजाम कर दिया। किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से बैंक के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें एक बार में सिर्फ 20-20 हजार रुपये ही दिया जा रहा है।
किसानों ने बताया कि बैंक में सुबह से लंबी कतार लग रही है। घंटों इंतजार के बाद भी पूरा भुगतान नहीं हो पा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि वर्तमान में शादी का सीजन चल रहा है। बेटे-बेटियों के विवाह सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए रुपयों की आवश्यकता है, लेकिन भुगतान में देरी के कारण परेशानी बढ़ गई है। बैंक के भीतर और सड़क पर किसानों की भीड़ बढ़ने पर स्थिति संभालने के लिए पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। किसानों ने जल्द व्यवस्था सुधारने और भुगतान प्रक्रिया तेज करने की मांग की।
दो करोड़ की जगह मिल रहा एक करोड़
किसानों का कहना था कि बैंक शाखा में प्रतिदिन करीब 2 करोड़ रुपये की आवश्यकता होती है, लेकिन शाखा को केवल 1 करोड़ रुपये ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे भुगतान व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

 

Categorized in: