सूचना पर पहुंची गांधीनगर थाना पुलिस की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई
अंबिकापुर। रेलवे सुरक्षा बल अंबिकापुर की सूचना पर थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने दो आरोपियों को 58.320 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 300 नग गोल्डन गोवा एवं 24 नग मैकडावल व्हिस्की बरामद करने में पुलिस सफल हुई है, जिसकी कीमत लगभग 43 हजार 224 रुपये है।
जानकारी के मुताबिक 8 जुलाई को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट अंबिकापुर के द्वारा अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपियों को पकड़ा गया था। इसकी सूचना पर थाना गांधीनगर से पुलिस टीम रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पहुंची तो यहां के प्रभारी ने बताया कि सुबह 8.35 बजे रेलवे स्टेशन परिक्षेत्र अंबिकापुर में चेकिंग के दौरान उन्होंने दो व्यक्तियों को एक ट्राली बैग व 3 कपड़े के थैलों में 300 नग गोवा व 24 नग मैकडावल व्हिस्की शराब के साथ पाया। पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम वीर गुप्ता पिता शिवनारायण गुप्ता 25 वर्ष, निवासी महुआपारा फुंदुरडिहारी व बादल कुजूर पिता राजेन्द्र कुजूर 26 वर्ष निवासी आरागाही थाना रामानुजगंज जिला बलरामपुर, हाल मुकाम चांदनी ब्यूटी पार्लर के पास थाना गांधीनगर का होना बताया। इनके पास से जप्त किए गए शराब की कुल मात्रा 58.320 लीटर है, जिसकी कीमत लगभग 43 हजार 224 रुपये है। आरोपियों के पास एक रेल यात्रा का टिकट और 2 मोबाइल मिला है, जिस जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करके इनके विरूद्ध पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपियों से उक्त शराब के संबंध में आगे पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक विपिन तिवारी, आरक्षक घनश्याम देवांगन, सुरेश तिवारी सक्रिय रहे।

Categorized in: