बलरामपुर। भोले-भाले ग्रामीणों को पैसा डबल करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाला शातिर ठग आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। ठगी का यह मामला थाना चलगली क्षेत्र का है, जहां एन्टोफागस्टा मोबाइल ऐप के माध्यम से कुल 20 लाख 81 हजार 827 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पुलिस नेपरितोष मन्ना 42 वर्ष को उसके गृहस्थल कोलागछिया, थाना कोलाघाट नागपुर, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
आरोपी व उसके सहयोगियों द्वारा एन्टोफागस्टा ऐप बनाकर ग्रामीणों को अधिक मुनाफे का लालच दिया जाता था। व्हाट्सएप कॉल व मैसेज के जरिए उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया जाता था। ग्रामीणों से प्राप्त राशि आरोपी द्वारा परितोष कंस्ट्रक्शन नामक फर्म के नाम पर खोले गए एसबीआई, केनरा बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक तथा आईडीबीआई बैंक के खातों में जमा कराई जाती थी। खातों की जांच में लाखों रुपये का लेनदेन पाया गया है। जांच के दौरान सायबर सेल पुलिस टीम ने आरोपी के मोबाइल का लोकेशन हासिल किया और नागपुर जाने के बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर परितोष मन्ना को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है।

Categorized in: