भटगांव। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे गंभीर अपराधों की निगरानी अभियान के तहत बसदेई चौकी पुलिस ने एक माह से फरार चल रहे ऑनलाइन ठगी के आरोपी साजिद राजा को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार अब्दुल हकीम निवासी थाना सूरजपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भारतीय स्टेट बैंक शाखा भैयाथान के खाते से 6 लाख 43 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है। आरोपी ने फोन-पे के माध्यम से छलपूर्वक और बिना जानकारी के यह राशि अपने खाते में ट्रांसफर कर ली थी। मामले में पुलिस अपराध पंजीबद्ध करके अग्रिम जांच में लगी थी। आरोपी साजिद राजा घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे 8 जुलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में बसदेई चौकी के नवपदस्थ प्रभारी योगेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक मनोज द्विवेदी, प्रधान आरक्षक बालमुकुंद पांडे, महेंद्र कुमार सिंह, आरक्षक देवदत्त दुबे, निलेश जायसवाल, प्रेम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें, किसी भी संदिग्ध लेन-देन की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें।

Categorized in: