केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को लेकर की गई थी भव्य तैयारियां
अंबिकापुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा अंतिम क्षणों में रद्द हो गया है। इन्हें बुधवार को मैनपाट में आयोजित भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, लेकिन कार्यक्रम स्थल में वे निर्धारित तिथि, 9 जुलाई को नहीं आएंगे यह 8 जुलाई को डीआईजी देहली संजय कुमार की ओर से भेजे गए संदेश के आने के बाद स्पष्ट हो गया है। मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन और डीजीपी छत्तीसगढ़ के साथ एसडीजी सीआरपीएफ सीजेड, आईजीपी इंटेलीजेंस पीएचक्यू रायपुर सहित अन्य अधिकारियों को संदेश में आगाह कराया गया है कि अमित शाह यूनियन मिनिस्टर ऑफ होम अफेयर्स एंड कोऑपरेशन भारत सरकार का टूर प्रोग्राम कैंसल हो गया है। इसके बाद इनकी वर्चुअल उपस्थिति की संभावना बनी हुई है। मैनपाट में कार्यक्रम स्थल पर अमित शाह के आगमन को देखते हुए कड़े सुरक्षा के प्रबंध किए गए थे, वहीं गृहमंत्री का दौरा रद्द होने से आयोजकों में निराशा का माहौल है।
बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए निर्धारित था। मैनपाट में आयोजित इस शिविर में वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को रणनीतिक दिशा-निर्देश देने वाले थे। यह दौरा आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। इनका दौरा रद्द होना एक अहम राजनीतिक उपस्थिति की कमी को इंगित करा रहा है, लेकिन पार्टी के अन्य शीर्ष नेता इस शिविर को दिशा देने और एकजुटता बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, ऐसा माना जा रहा है।
दूसरे दिन योगाभ्यास से हुई प्रशिक्षण वर्ग की शुरूआत
तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मंगलवार की शुरूआत योगाभ्यास से हुई। प्रात:कालीन सत्र में योग प्रशिक्षकों ने नेताओं को फेफड़ों को मजबूत करने वाले आसन और तनाव प्रबंधन के लिए प्राणायाम सिखाए। इस योग सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए। सभी ने पूरी तन्मयता से योग मुद्राओं का अभ्यास किया, जिससे कार्यक्रम में एक अनुशासित और स्वास्थ्यपरक वातावरण बना रहा। बुधवार को होने वाले समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और राष्ट्रीय महामंत्री शिव प्रकाश प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। ये दोनों नेता सांसदों और विधायकों को पार्टी की नीतियों, रणनीति और पंच प्रण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। यह प्रशिक्षण वर्ग आगामी चुनावों की दृष्टि से भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का प्रयास है कि संगठन और जनप्रतिनिधि एक विचारधारा और लक्ष्य के साथ कार्य करें, ताकि प्रदेश में भाजपा को और मजबूत किया जा सके।
कुदरत के करिश्मा को देखकर भावविभोर हुए शिवराज
मंगलवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अन्य ने उनकी अगवानी की। प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने से पहले उन्होंने एक पेड़ मां के नाम के तहत उल्टा पानी में पौधारोपण किया। मैनपाट की खूबसूरती के बीच कुदरत के करिश्मा, नीचे से ऊपर की ओर बहते पानी को देखकर शिवराज सिंह चौहान हैरान रह गए। उन्होंने इस पानी के बहाव में कागज की नाव को बहाकर देखा, जो ढलान की ओर जाने के बजाय ऊपर की ओर जाने लगा। ढलान की जगह विपरीत दिशा में चढ़ाई की ओर जाती गाड़ी को उन्होंने देखा। कार में बैठकर वे कुदरत के अनूठे करिश्मा का आनंद लेते रहे।
कांग्रेस का संकल्प और समर्पण भ्रष्टाचार
प्रशिक्षण वर्ग के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कहा भाजपा के कार्यकर्ता लगातार अभ्यास करते हैं, ताकि वे कुछ बेहतर कर सकें। सचिन जैसे प्लेयर को भी अभ्यास करने के लिए जाना पड़ता है। कांग्रेस में प्लेयर जैसी कोई चीज नहीं है, किसी प्रकार का संकल्प और समर्पण नहीं है। कांग्रेस का संकल्प और समर्पण भ्रष्टाचार है, इसमें वे अच्छा अभ्यास करते हैं।

Categorized in: