पुलिस ने शून्य में मामला कायम करके अग्रिम कार्रवाई के लिए केस डायरी रायपुर भेजा
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले में पदस्थ डीएसपी पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है, और इसकी शिकायत पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज से की है। पुलिस अफसर ने भी महिला पर रुपये लेने के बाद मकान के लिए ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया है। दोनों के आरोपों में कितना दम है, यह तो पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। डीएसपी याकूब मेमन (50) मूल रूप से भिलाई के रहने वाले हैं। वे 1998 में एसआई और प्रमोट होकर टीआई, पुन: डीएसपी बने। विगत 2 साल से वे बलरामपुर में पदस्थ हैं।
दोनों पक्षों के आरोपों पर गौर करें तो पीड़िता का कहना है कि वह रायपुर के टिकरापारा में डीएसपी याकूब मेनन के मकान में किराए से रहती थी, इस दौरान दुष्कर्म की घटना को उन्होंने अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारी याकूब मेमन के बलरामपुर जिले में पदस्थ रहने के दौरान भी वह उनके पास आना-जाना करती थी। वह मामले की शिकायत रायपुर पुलिस से की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद वह बलरामपुर पहुंची, यहां भी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पीड़िता सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा के पास अपनी पीड़ा सुनाने के लिए पहुंची थी। इधर डीएसपी याकूब मेमन का कहना है कि महिला रायपुर स्थित उनके किराए के मकान में अपने पति और बच्चों के साथ डेढ़ साल से रह रही है। करीब 9 माह पहले वह अपने पति का तबीयत खराब होने की बात कहकर फोन पर मदद मांगी, इसके बाद उन्होंने आर्थिक सहायता की थी। इसके बाद महिला उनसे भावनात्मक लगाव बनाना शुरू की, और बातचीत करने लगी। वह बलरामपुर आकर दो-तीन दिन तक उनके मकान में रुकी थी और संबंध बनाने की पहल की। पुलिस अधिकारी का कहना है कि महिला ने जान-बूझकर ऐसे पलों का वीडियो बनाने के लिए कहा, और वीडियो कॉल करने के दौरान उनका अर्धनग्न स्क्रीनशॉट लेकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। याकूब मेमन का आरोप है कि महिला उनसे ऑनलाइन व नकद मिलाकर डेढ़ लाख रुपये ले चुकी है। इसके बाद रायपुर में स्थित मकान को अपने नाम करवाने के लिए दबाव बना रही थी। इन्कार करने पर महिला ने उनकी पत्नी को वीडियो भेजने और फर्जी एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी थी। डीएसपी ने 12 सितंबर को आईजी से तत्संबंध में लिखित शिकायत की है। इधर महिला की जुबानी पर महिला थाना अंबिकापुर की पुलिस ने जीरो में मामला दर्ज किया है और केस डायरी रायपुर भेज दिया है।
बयान
रायपुर की रहने वाली महिला ने रेप की शिकायत की थी। सरगुजा के महिला थाने में शून्य पर अपराध दर्ज किया गया है और केस डायरी रायपुर भेज दी गई है। आगे जांच रायपुर पुलिस करेगी।
दीपक कुमार झा, आईजी सरगुजा रेंज

Categorized in: