अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस नवा बिहान अभियान के तहत नशे के कारोबार में लगे लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी तारतम्य में पुलिस को ड्रग तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोपित के कब्जे से 46 नग नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की कड़ी में कोतवाली प्रभारी को सूचना मिली कि प्रतापपुर नाका, फारेस्ट कॉलोनी के पास एक व्यक्ति नशीला इंजेक्शन रखकर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में है। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी रुपेश नारंग एवं उनकी टीम ने संदेही को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ व तलाशी के दौरान अंबिकापुर निवासी अशोक सिंह के पास एक लाल रंग के झोले में 46 नग इंजेक्शन मिला, जो स्वापक एवं मन: प्रभावी औषधी अंतर्गत आजा है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि इंजेक्शन बिक्री करने के लिए वह ग्राहक की तलाश में था। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि सरगुजा पुलिस ऐसे क्षेत्र जहां नशे की खपत हो रही है, उनकी पहचान कर तस्करों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई करेगी। कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक रुपेश नारंग, उपनिरीक्षक डाकेश्वर सिंह, अनीता आयाम, प्रधान आरक्षक अजय पांडेय, जयदीप सिंह, इदरीश खान, धीरज सिंह, अतुल शर्मा, अतुल सिंह, सीनू फिरदौसी, शिव राजवाड़े शामिल रहे।

Categorized in: