पुलिस ने दो पिकअप वाहन सहित 20 लाख का सामान जप्त किया

अंबिकापुर। तीव्र आवाज में डीजे बजाने एवं वाहन के अनुमेय सीमा के बाहर डीजे साउंड सिस्टम लगाकर कोलाहल उत्पन्न करने के दो मामले में लखनपुर थाना पुलिस ने कोलाहल अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने 02 पिकअप वाहन, 02 जनरेटर सहित साउंड बॉक्स, मिक्सर, पॉवर लाइट, एंप्लीफायर जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना पुलिस टीम को 15 सितम्बर को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि कुंवरपुर घटियापारा रोड में कुछ व्यक्ति काफी तेज आवाज में डीजे साउंड सिस्टम बजा रहे हैं, जिससे ग्रामवासियों को काफी परेशानी हो रही है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, इन्होंने आकाश सिंह 24 वर्ष निवासी मदनपुर थाना जयनगर, जिला सूरजपुर व दूसरे मामले में रामऔतार विश्वकर्मा 26 वर्ष निवासी पचरापोड़ी बैकुंठपुर जिला कोरिया को काफी तेज आवाज में डीजे साउंड सिस्टम बजाते पाया। उपरोक्त वाहन के अनुमेय सीमा के बाहर डीजे साउंड सिस्टम लगा पाया गया, जिससे आसपास के लोगों एवं आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इनके पास डीजे साउंड सिस्टम एवं उपरोक्त वाहन के उपयोग हेतु वैध अनुमति पत्रक, वाहन का दस्तावेज एवं ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला। चालकों ने दोनों वाहन मनोज राय नामक व्यक्ति का होना बताया, जिसे वे किराए में चला रहे थे। दोनों मामलों में अलग-अलग 15 कोलाहल अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181, 130(3)177, 194/1 ए का मामला दर्ज किया गया है। जप्त किए गए सामनों की कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई में थाना लखनपुर से निरीक्षक अश्वनी सिंह, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, प्रधान प्रवीणचंद तिवारी, आरक्षक अमरेश दास, दशरथ राजवाड़े, राकेश यादव शामिल रहे। 

Categorized in: