समीक्षा बैठक में नए स्वीकृत स्वामी आत्मानंद स्कूल संचालन हेतु आवश्यक तैयारी शीघ्र शुरू करने के निर्देश

अंबिकापुर। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में 12 नए स्वीकृत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के संचालन हेतु भवन का चिन्हांकन, निर्माण कार्य हेतु इस्टीमेट तैयार करने की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान किए गए तीन नवीन स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने की घोषणा के अलावा नौ और स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने की स्वीकृति प्राप्त हुई है।


कलेक्टर ने जर्जर स्कूल व आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि आरईएस, जनपद पंचायत, महिला बाल विकास व स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी भवनों का निरीक्षण करें। अगले तीन दिन में अत्यधिक जर्जर व मरम्मत योग्य भवनों की विकासखंड व संस्थावार जानकारी तैयार कर रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी आरईएस के कार्यपालन अभियंता की होगी। वे मरम्मत योग्य भवनों का इस्टीमेट प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने अति जर्जर भवनों को अगले 15 दिवस में ढहाने के निर्देश दिए। उन्होंने भवनों के मरम्मत की शुरुआत दूरस्थ खनन प्रभावित व विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के निवास क्षेत्र से करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में अति वृष्टि व अल्प वृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का 15 सितंबर तक की स्थिति में नजरी आंकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने गिरदावरी का कार्य समय पर व त्रुटि रहित पूरा कराने कहा। किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करने गोमूत्र से निर्मित जीवामृत और ब्रम्हास्त्र का उपयोग करने हेतु प्रेरित करने निर्देशित किया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, नगर निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई, वनमंडलाधिकारी पंकज कमल, अपर कलेक्टर द्वय एएल ध्रुव, तनुजा सलाम सहित एसडीएम, जनपद सीईओ व विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।


शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की हो मौजूदगी
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि लोगों को शिविर लगने की पूर्व में ही जानकारी मिले इसके लिए एक सप्ताह का रूट चार्ट बनाएं जिसमें शिविर स्थल व तिथि का उल्लेख हो। इस रूट चार्ट का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं ताकि अधिक से अधिक लोगों को शिविर की जानकारी हो। इसी प्रकार मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना के तहत बाजारों में लगने वाले शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाएं।

Categorized in: