पार्ट टाइम जॉब का मोबाइल में मिला था लिंक, 3.72 लाख गंवाने के बाद हो पाया ठगी का आभास

अंबिकापुर। पार्ट टाइम जॉब के नाम पर मेडिकल की पढ़ाई कर रही बौरीपारा अंबिकापुर निवासी एक छात्रा तीन लाख 72 हजार 232 रुपये की ठगी का शिकार हो गई। अज्ञात व्यक्ति से छात्रा का मोबाइल पर संपर्क हुआ और उसने वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार छात्रा को बनाया। जॉब नहीं मिलने पर उसे ठगी का आभास हुआ और वह इसकी प्राथमिकी कोतवाली थाने में दर्ज कराई है।
एमबीबीएस की तृतीय वर्ष की छात्रा साक्षी जायसवाल पिता पीके जायसवाल ने पुलिस को बताया कि 11 अगस्त 2022 को उसके मोबाइल नंबर पर एक वाट्सएप लिंक आया, जिसमें सात हजार रुपये कमाने का उल्लेख करते हुए दिए गए वाट्सएप नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया था। पिता की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह रोजाना कमाई के प्रलोभन में आ गई और वाट्सएप लिंक पर संपर्क की तो बिना पैसे के पार्ट टाइम काम का आफर दिया गया। शंका का समाधान को लेकर व्हाट्सएप में लंबी चैटिंग भी हुई, बाद में पार्ट टाइम जॉब में रिटर्न देने के नाम पर धीरे-धीरे पैसे लेने का दौर शुरू हुआ। ठग ने बकायदा अपने केनरा बैंक के खाते का नंबर दिया था। इसके बाद कुल तीन लाख 72 हजार 232 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। 18 अगस्त 2022 से सभी डेबिट ट्रांजेक्शन धोखाधड़ी करने वाले व्यक्तियों के खाते में हुआ, इसके बाद न तो किसी मैसेज का जवाब ठग ने दिया और न ही फोन उठाया। बाद में ठगों ने पूर्व में दिए मोबाइल नंबर को बदल कर छात्रा को नया मोबाइल नंबर दिया और कहा गया कि अब इस नंबर पर संपर्क होगा। इसमें भी छात्रा कई बार चैट करके बात करने की कोशिश की लेकिन सारा प्रयास विफल हो गया। इनके गूगल क्रोम में एक लिंक दिया गया, जिसके माध्यम से एक ऐप को छात्रा ने खोला तो उसके द्वारा दी गई धनराशि को कमीशन सहित मूल राशि कुल चार लाख 16 हजार 258 रुपये फ्रिज करके रखने की जानकारी मिली। छात्रा ने पुलिस को बताया है कि इस ऐप से उसके प्रोफाइल लिंक के माध्यम से सीधे खाते में जाया जा सकता है। छात्रा ने पार्ट टाइम जॉब के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले के विरूद्ध कार्रवाई और रकम वापस दिलाने का आग्रह किया है ताकि उसकी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी हो सके।

Categorized in: