जर्जर सड़क की दुर्गति के सवाल पर कहा-ऐसी सड़क में एक्सीडेंट और मौतें कम होती हैं

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम का वीडियो जमकर सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्रीजी नशा मुक्ति के लिए आयोजित कार्यक्रम में शराब के उपयोगिता की शिक्षा देते नजर आ रहे हैं। वहीं जर्जर सड़कों की दुर्गति दूर करने के सवाल पर कहते हैं कि जहां जर्जर सड़क हो, वहां एक्सीडेंट कम होते हैं, मौतें कम होती हैं।


स्कूल शिक्षा मंत्री व प्रतापपुर विधायक वाड्रफनगर के हाईस्कूल मैदान में आयोजित किए गए नशा मुक्ति अभियान में शामिल होने मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे थे। उन्होंने मंच से शराब पीने का जिक्र जिस प्रकार चटकारे लेते हुए किया वह एकबारगी चौंकाने वाला था। उन्होंने मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन की कविता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कहा है बैर बढ़ाते मंदिर मस्जिद मेल कराए मधुशाला। यही नहीं जर्जर सड़कों से होती परेशानी को लेकर पत्रकारों के सवाल में भी उनका जवाब चौंकाने वाला रहा। वाड्रफनगर से अंबिकापुर की जर्जर सड़क के सवाल पर उन्होंने कहा कि सड़क का मरम्मत कार्य जारी है, बरसात के कारण थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जहां सड़कें खराब होती है वहां से फोन आता है कि सड़क ठीक करवाइए, लेकिन जहां सड़क खराब होती है वहां एक्सीडेंट कम होते हैं और मौतें भी कम होती हैं। आप लोगों ने देखा होगा वाड्रफनगर से केरता की सड़कें अच्छी है लेकिन वहां मौत ज्यादा होती है। रोड तो अच्छा बने लेकिन सबमें नियंत्रण होना चाहिए, गाड़ी के स्पीड में नियंत्रण होना चाहिए। उन्होंने कहा शराब, कोरेक्स, गांजा जैसी सभी चीजों में नियंत्रण होना बहुत ही जरूरी है।

Categorized in: