अम्बिकापुर। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम वंदना में दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गलत मेडिकल रिपोर्ट देने वाले डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने सीएमएचओ कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

24 अप्रैल की घटना
24 अप्रैल को सीतापुर थाना अंतर्गत ग्राम वंदना में दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। कांग्रेस का आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर थाना सीतापुर ने मामले को दबाने का प्रयास किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक ने रिपोर्ट में कहा कि बच्चियों के साथ अनाचार नहीं हुआ, जबकि मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।

जांच दल का गठन
घटना के बाद कांग्रेस ने 5 सदस्यीय जांच दल गठित किया था। जांच में पीड़ित बच्चियों और परिजनों से बातचीत में घटना की पुष्टि हुई। कांग्रेस का आरोप है कि सिस्टम न्याय दिलाने के बजाय घटना दबाने और आरोपियों को संरक्षण देने में लगा है।

पुलिस पर भी आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और एआईसीसी सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने पहले भी पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक दोषी पुलिस अधिकारियों और डॉक्टर पर कार्रवाई नहीं हुई। मामले की जांच अब भी उसी पुलिस अधिकारी द्वारा की जा रही है जिस पर शुरुआत में मामला दबाने का आरोप है। 5 मई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दिए ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि सीतापुर थाने के अधिकारी का आचरण पॉक्सो एक्ट की धारा 21(1) के तहत आपराधिक है। कांग्रेस ने महिला पुलिस अधिकारी से जांच की मांग की थी।

घेराव और चेतावनी
आज कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोठीघर से सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे और घेराव किया। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि सुशासन का सिस्टम दुःशासन बन गया है और आरोपियों को संरक्षण दे रहा है। 24 अप्रैल की घटना के इतने दिन बाद भी कार्रवाई न होना चिंताजनक है। पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि मामले को दबाने का प्रयास करने वालों पर कार्रवाई जरूरी है ताकि जनता का प्रशासन पर भरोसा बना रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।

सीएमएचओ ने लिखित आश्वासन दिया कि अगले 3 दिनों में संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद कांग्रेस ने चेतावनी के साथ घेराव समाप्त किया कि कार्रवाई नहीं होने पर फिर आंदोलन होगा।

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला-ब्लॉक पदाधिकारी, मोर्चा संगठन के सदस्य, मंडल अध्यक्ष, बूथ-वार्ड कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Categorized in: