पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध की वैधानिक कार्रवाई

गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। जमीन संबंधी धोखाधड़ी के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने 02 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी अपने स्वामित्व की जमीन का पूर्व में रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करने के बाद पुन: दूसरे पक्ष से ज्यादा पैसे लेकर एग्रीमेंट कर दिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जमीन संबंधी दस्तावेज एवं अनुबंध जप्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक बीते 27/07/24 को उमेश कुमार सोनी निवासी रिंग रोड, अरुण संगीत महाविद्यालय के सामने ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि सूरज दुबे व अनारकली पांडेय के द्वारा अपने स्वामित्व की नर्मदापारा चिखलाडीह में स्थित सवा एकड़ जमीन को बिक्री करने का झांसा देकर उससे पांच लाख 30 हजार रुपये नगद प्राप्त किया और रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराने के बाद छल पूर्वक, बिना रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कैंसिल किए और रुपये वापस किए बेईमानी की नियत से ज्यादा रुपये लेकर उक्त जमीन का दूसरे व्यक्तियों से अनुबंध कर दिया। ठगी के मामले में आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने धारा 420, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी सूरज दुबे 56 वर्ष निवासी नर्मदापारा गांधीनगर व अनारकली पाण्डेय 60 वर्ष निवासी कल्याणपुर जयनगर, जिला सूरजपुर को गिरफ्तार किया और पूछताछ की तो इन्होंने छलपूर्वक जमीन दूसरे से अनुबंधित करने की जानकारी दी। आरोपियों के विरुद्ध अपराध करना पाए जाने एवं विवेचना में सहयोग करने की स्थिति में सीआरपीसी के निहित प्रावधानों 41(ए) जा.फौ. के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक राकेश मिश्रा, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय, रविन्द्र साहू, पंकज लकड़ा शामिल रहे।

Categorized in: