युवक का अपहरण कर अलग-अलग जगह ले जाकर बेदम पिटाई, वीडियो भी बनाया

गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। शहर में बेहतर पुलिसिंग का दावा करने वाली पुलिस के लिए अभी भी अपराधी चुनौती बने हैं। शहर में युवाओं के कुछ समूह ऐसी दबंगई दिखाने में लगे हैं, जिससे शहर का माहौल खराब हो रहा है। शुक्रवार की शाम को स्कूटी सवार एक युवक का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, यही नहीं अपनी हरकतों का वीडियो भी बनाया। पुलिस ने मामले में सात युवकों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ब्रम्हरोड निवासी रूद्र सोनी शुक्रवार की शाम को 7.30 बजे पैदल अपने घर से सत्तीपारा की ओर जा रहा था। देवान तालाब के पास दो अलग-अलग स्कूटी से पहुंचे युवकों ने रूद्र का मुंह हाथ से दबाया और जबरन स्कूटी में बैठा कर उसे सरगवां पैलेस के पास बांस बाड़ी ले गए। यहां पर कार से तीन लोग पहुंचे और सभी मिलकर रूद्र से गाली गलौज करते हुए बेल्ट, डंडा, कड़ा से मारपीट करना शुरू कर दिए। इसके बाद उसे कार में बैठाकर शिवधारी कालोनी ले गए। यहां भी मारपीट करते हुए विडियो बनाया। यहांं से वाटर पार्क के पास खेत में ले गए और रूद्र को जमकर पिटाई की। इसकी जानकारी रूद्र के भाई आदर्श को फोन पर मिली और वह अपने अन्य साथियों के साथ वाटर पार्क के पास पहुंचा, तब तक मारपीट करने वाले आरोपी वहां से भाग गए थे। आदर्श ने कोतवाली थाना में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अर्टिगा कार से आए आदर्श साहू के अलावा चांद, ओम पाण्डेय, चीनू पंडित, श्याम सोनी, नैतिक सिंह, अनिकेत गुप्ता के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।

Categorized in: