अभ्यर्थियों को दिशानिर्देशों का पालन करने दिए गए सख्त दिशानिर्देश
अंबिकापुर। जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग चयन परीक्षा वर्ष 2023-24 के अंतर्गत रिक्त आरक्षक संवर्ग के पदों की पूर्ति हेतु भर्ती प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू हो गई है। भर्ती प्रक्रिया 30 दिसम्बर तक 10वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल सिलफिली, जिला-सूरजपुर में चलेगी। पहले दिन 500 अभ्यर्थियों में से 335 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए। भर्ती प्रक्रिया में कुल 82 हजार 694 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग चयन परीक्षा वर्ष 2023-24 के अंतर्गत सरगुजा संभाग के सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले तथा पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट में रिक्त आरक्षक संवर्ग के पदों की पूर्ति हेतु भर्ती प्रक्रिया शुक्रवार 16 नवम्बर से प्रारंभ हो गई है। भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को दिशानिर्देशों का पालन करना होगा। अभ्यर्थी के पास एडमिट कार्ड तथा समस्त प्रमाणपत्रों की मूल प्रति के साथ छायाप्रति होना आवश्यक है। एडमिट कार्ड के अतिरिक्त अभ्यर्थी के स्वयं के पहचान पत्र हेतु एक पहचान पत्र होना चाहिए, इसके आधार पर ही अभ्यर्थी को भर्ती ग्राउंड में प्रवेश दिया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान ग्राउंड के अंदर अभ्यर्थी का मोबाइल लाना या उपयोग करना वर्जित रखा गया है। अभ्यर्थियों को अपने सामान के सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं उठानी है। भर्ती केन्द्र में अभ्यर्थी के अतिरिक्त अन्य किसी भी व्यक्ति, रिश्तेदार का उपस्थित रहना पूर्णत: वर्जित है। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र में उल्लेखित निर्धारित तिथि को ही आएंगे। पूर्णत: पारदर्शी एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए भर्ती प्रक्रिया आधुनिक तकनीक के माध्यम से की जा रही है। अभ्यर्थियों को किसी व्यक्ति के जालसाजी, धोखाधड़ी या लेन-देन से दूर रहने के लिए कहा गया है। यदि भर्ती स्थल पर कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर किसी प्रकार का प्रलोभन देता है तो तत्काल इसकी सूचना चयन समिति को देने कहा गया है। कोई भी व्यक्ति अगर भर्ती केन्द्र के पास भर्ती के नाम पर प्रलोभन देते हुए पाया जाता र्है तो उसके विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: