संभागीय आबकारी उड़नदस्मी टीम की कार्रवाई, 4 लाख रुपये के इंजेक्शन जब्त

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा ने ऑपरेशन क्लीन के तहत 4 लाख रुपये के नशीले इंजेक्शन के साथ सप्लायर को गिरफ्तार करके जेल दाखिल कर दिया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 15 जून को की गई कार्रवाई में टीम ने वाहिद अंसारी नामक स्कूटी सवार के कब्जे से 200 नग नशीला इंजेक्शन जब्त करके जेल दाखिल किया था। उसने नशीला इंजेक्शन, इमलीपारा अंबिकापुर में शमशुद्दोहा हॉस्पिटल के सामने संचालित मोशीम अंसारी के दुकान से खरीदकर लाना बताया था। उड़नदस्ता टीम ने मोशीम अंसारी के दुकान में छापा मारा और दुकान की तलाशी ली तो काउंटर के नीचे सफेद रंग के झोले में 200 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 200 नग एविल इंजेक्शन मिला। वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी करते हुये नशीले इंजेक्शन को जब्त किया गया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 4 लाख रुपये है। आरोपी मौशीम अंसारी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी एवं 29 के तहत गिरफ्तार करके विशेष न्यायाधीश नार्कोटिक्स के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल का आदेश प्राप्त हुआ। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता एवं रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक साल में 50 से अधिक मामले दर्ज
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने नशीली दवाइयों के विरुद्ध पिछले एक साल में 50 से ज्यादा प्रकरण दर्ज किये हैं, फिर भी लोग नशीली दवाइयां बेचने से परहेज नहीं कर रहे हैं। ऑपरेशन क्लीन के तहत नशे के सौदागरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।  

Categorized in: