अंबिकापुर। साइबर सेल पुलिस टीम एवं चौकी रघुनाथपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार सवार आरोपियों के कब्जे से 37 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। इसकी कुल कीमत 7 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो कार, 87 हजार रुपये नगद, आई$फोन सहित 09 नग मोबाइल जप्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सरगुजा पुलिस को विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस टीम अपने-अपने इलाके में ऐसे लोगों पर पैनी नजर रख रही है, जो नशे के अवैध कारोबार में लगे हैं। इसी क्रम में 16 नवम्बर को चौकी रघुनाथपुर की पुलिस को मुखबिर के माध्यम से पुष्ट सूचना मिली कि हुंडई क्रेटा कार क्रमांक सीजी 13 एजी 0995 में नरेश यादव एवं मोहम्मद सद्दाम नामक दो संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर पत्थलगांव की तरफ से आ रहे हैं। बताया गया था कि कार सवारों के द्वारा ग्राम सिलसिला के पास गांजा की बिक्री संजय पटेल व प्रेम प्रकाश को की जाएगी। सूचना पर पुलिस टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सिलसिला के बस्ती की ओर जाने वाली पंचायत सड़क पर पहुंची, तो क्रेटा कार कमॉक सीजी 13 एजी 0995 में सवार 02 व्यक्ति, स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 14 एमएस 0241 में सवार 02 व्यक्तियों से बोरियों में सामान का लेन-देने कर रहे थे। आरोपी फरार न हो जाएं, इसे देखते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी करके इन्हें पकड़ा और हिरासत में लेकर पूछताछ की तो क्रेटा कार से आए व्यक्तियों ने अपना नाम मो. सद्दाम पिता मो. हनीफ 32 वर्ष, निवासी शांतिनगर, थाना पत्थलगांव एवं नरेश यादव पिता मोहन यादव 36 वर्ष निवासी ग्राम तुरखामा थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर होना बताए। स्विफ्ट कार से पहुंचे व्यक्तियों ने अपना नाम संजय पटेल पिता मिश्री लाल पटेल 33 वर्ष निवासी धुमाडांड पो. गोविंदपुर चौकी रेवटी थाना चंदौरा जिला सूरजपुर एवं प्रेम प्रकाश पटेल पिता स्व. नारद प्रसाद पटेल 42 वर्ष निवासी परसडीहा थाना बसंतपुर, जिला बलरामपुर होना बताए। तलाशी में बोरियों में पैक गांजा मिला। आरोपियों के विरुद्ध थाना लुन्ड्रा में धारा 20(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया।
चंदौरा में खपाने की थी तैयारी
संदिग्धों के कार को चेक करने पर 37 बोरियों में भूरे रंग के टेप व पॉलिथीन में लपेटा हुआ 37 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। साथ ही गांजा खरीद-बिक्री की नगद रकम 87 हजार रुपये नगद पुलिस ने जप्त किया। आरोपियों के कब्जे से 01 नग आइफोन सहित कुल 09 नग मोबाइल फोन जप्त किया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में उक्त गांजा पत्थलगांव से लाकर ग्राम सिलसिला में बिक्री करने और चंदौरा प्रतापपुर में खपाने की जानकारी पुलिस को दी है।
इन नंबरों पर दें गोपनीय सूचना
पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थो के खरीद-फरोख्त एवं तस्करी के संबंध में किसी भी प्रकार की महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त होने पर नि:संकोच आम नागरिक कंट्रोल रूम अंबिकापुर के मोबाइल नंबर 94791 93599 एवं 62645 14847 पर संपर्क कर जानकारी प्रदान कर सकते हैं। प्राप्त सूचना पर पुलिस टीम को एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत सख्ती से कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सूचना देने वाले नागरिकों का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
कार्रवाई में चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर.एन. पटेल, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक संजय नागेश, आरक्षक अनुज जायसवाल, मनीष सिंह, जितेश साहू, अशोक यादव, रमेश राजवाड़े, लालदेव सिंह, राकेश एक्का, अरविन्द तिवारी, बहादुर एक्का, हरिलाल, प्रदीप तिर्की सक्रिय रहे।

Categorized in: