ट्रेलर, पिकअप की ठोकर सहित अन्य सड़क दुर्घटनाओं में 4 लोगों की मौत, 3 घायल
अंबिकापुर। जिले में सड़क हादसे की रफ्तार बढ़ गई है। जहां एक ओर पुलिस लोगों को सुरक्षित सफर के लिए प्रेरित करने और निरंतर कार्रवाई पर जोर दे रही हैं, वहीं ऐसे-ऐसे सड़क हादसे हो रहे जिसे देख, सुनकर दिल दहल जाता है। आप सुरक्षित चल रहे हैं लेकिन पीछे और सामने से आ रहे वाहन चालक जनसुरक्षा को लेकर कितने फिक्रमंद हैं, यह समझ पाना मुश्किल हो गया है। इसी क्रम में अलग-अलग सड़क हादसे में ट्रेलर, पिकअप, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जहां तीन लोगों की जान चली गई, तीन घायल हो गए, वहीं वाहन से अनियंत्रित होकर लगभग 25 दिन पूर्व हुए एक घायल स्वस्थ्य होने के बाद घर पहुंच गया था। पुन: तबियत बिगड़ी और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक रायगढ़ जिला के लैलूंगा थाना अंतर्गत ग्राम बनखेता निवासी इस्थिफिनोस तिर्की पिता करमसाय 25 वर्ष, शुक्रवार को सुबह लगभग 10 बजे अपने जीजा राकेश एक्का के साथ बाइक में उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केदमा जाने के लिए निकला था। लुचकी घाट के पास शाम लगभग 5 बजे अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इन्हें ठोकर मार दिया। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने इस्थिफिनोस एक्का को मृत घोषित कर दिया। घायल राकेश एक्का का उपचार चल रहा है। दूसरी घटना में मणिपुर अंबिकापुर थाना क्षेत्र के झूमरपारा के सोनू कुमार यादव पिता बुधराम 28 वर्ष की मौत हो गई। मृतक शुक्रवार की रात को लगभग 8.30 बजे बाइक से अंबिकापुर आने के लिए निकला था। भि_ीकला मुख्य मार्ग में पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 15 ईए 2910 के चालक ने उसे ठोकर मार दिया, जिसमें वह घायल हो गया था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में देर रात 11 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को जप्त कर लिया है। दो अन्य घटनाओं में जयनगर थाना क्षेत्र के लटोरी कसकेला निवासी बाबूलाल सिंह पिता नीलांधर सिंह 51 वर्ष की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया मृतक 15 नवम्बर की शाम को लगभग 5 बजे अपने भतीजा भीम सिंह के साथ दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक में सवार होकर कालीपुर जा रहा था। इसी दौरान करवां पड़कीपारा में ट्रेलर क्रमांक सीजी 15 एसी 5221 का चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इन्हें चपेट में ले लिया। गंभीर स्थिति में दोनों को संजीवनी 108 एक्सप्रेस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, यहां बाबूलाल को जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घायल भीम सिंह की स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने उसे रायपुर रेफर कर दिया है। वहीं मोटरसाइकिल से अनियंत्रित होकर गिरे लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोरजा निवासी चमरू राम राजवाड़े पिता स्व. लक्ष्मण राजवाड़े 65 वर्ष की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक बीते 20 अक्टूबर को हृदय नारायण राजवाड़े के साथ बाइक में ग्राम बिनकरा से घर लौट रहा था। रास्ते में महुआ मोड़ के पास वे अनियंत्रित होकर गिर गए थे। अंबिकापुर के निजी अस्पताल में इलाज के बाद चमरू राम की 23 नवम्बर को चिकित्सक ने छुट्टी कर दी थी। 15 नवम्बर को पुन: तबियत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर स्वजन पहुंचे, यहां शनिवार को सुबह वह दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है।

Categorized in: