नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने के सुनियोजित प्रयास को लेकर की जमकर नारेबाजी

अंबिकापुर। नेशनल हेराल्ड केस में न्यायालय के निर्णय के बाद मोदी सरकार द्वारा ईडी के माध्यम से कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने के सुनियोजित प्रयास के विरुद्ध गुरूवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने भाजपा कार्यालय का घेराव सुनिश्चित किया था। हालांकि राजीव भवन से निकले कांग्रेसजनों को पुलिस की तगड़ी घेराबंदी रहने के कारण कलेक्टोरेट कार्यालय के प्रवेश द्वार पर ही रूकना पड़ा। इस दौरान बैरीकेड को पार करके भाजपा कार्यालय की ओर जाने दम-खम कांग्रेसजनों ने दिखाया। देखने को यह भी मिला कि बैरीकेड के एक तरफ कांग्रेसी तो दूसरी ओर भाजपाई नारेबाजी कर रहे थे। रैली के बाद कांग्रेस ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम पर ज्ञापन देकर प्रधानमंत्री और सरकार से माफी मांगने के साथ ही इस्तीफे की मांग की है।
बता दें कि नेशनल हेराल्ड केस में दिल्ली की विशेष अदालत ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी के विरुद्ध मनी लॉड्रिग के मामले में बिना एफआइआर दर्ज किए सुब्रमण्यम स्वामी के परिवाद के आधार पर एक चार्जशीट प्रस्तुत किया था। वास्तव में यह मामला ईडी के अधिकार क्षेत्र के बाहर का था, क्योंकि मामले में किसी भी प्रकार के कैस का कोई लेनदेन ही नहीं था। कांग्रेस पार्टी ने स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका निभाने वाली नेशनल हेराल्ड, नवजीवन एवं कौमी एकता अखबार का प्रकाशन करने वाली एसोसिएट जनरल ऑफ इंडिया कंपनी को आर्थिक सहायता की थी, जिसके फलस्वरुप इन अखबारों का पुन: प्रकाशन आरंभ हो सका था। इन अखबारों को कर्ज से उबारने के लिए यंग इंडिया नाम की कंपनी का गठन कर इन्हें आर्थिक भार से मुक्त किया गया था। यंग इंडिया कंपनी के 6 शेयर धारकों में श्रीमती सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी भी हैं। यंग इंडिया का कोई भी शेयरधारक इस कंपनी के माध्यम से कोई लाभ प्राप्त नहीं कर सकता था। इन प्रावधानों के बावजूद इस मामले में भाजपा ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने के उद्देश्य से 10 सालों तक जांच करवाकर बिना एफआइआर के चार्जशीट दिल्ली के विशेष अदालत में प्रस्तुत किया, जो बिना नींव के ही पूरी इमारत खड़ी कर देने के जैसा था। अदालत ने मामले में ईडी के चार्जशीट को संज्ञान लेने से ही मना कर दिया, जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की एक बड़ी जीत थी। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ कि मात्र बदनाम करने की नीयत से मोदी सरकार केन्द्रीय एजेंसियों का उपयोग कर रही है। इस न्यायिक जीत के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने पूरे देश में भाजपा कार्यालयों के घेराव का निर्णय लिया, जिसके परिपेक्ष्य में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान 20 सूत्रिय कार्यक्रम क्रियान्वयन के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, मधु सिंह, मो. इस्लाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनय शर्मा, बलराम यादव, तिलक बेहरा, अमित सिंहदेव, प्रदीप गुप्ता, इंद्रजीत सिंह धंजल, डॉ. लालचंद यादव, शैलेन्द्र प्रताप सिंह सहित जिला कार्यकारणी के सदस्य, कांग्रेस के सभी मोर्चा संगठन के प्रमुख, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
गांधी परिवार को बदनाम करने का तथ्यहीन प्रयास
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भाजपा और संघ परिवार प्रारंभ से ही षड्यंत्र करके गांधी परिवार को बदनाम करने के प्रयास में लगा रहा है। नेशनल हेराल्ड केस भी इसी की एक कड़ी है। पूर्व में भी संघ परिवार ने बोफोर्स मामले में राजीव गांधी को बदनाम करने का भरपूर प्रयास किया, किंतु इस मामले में कोई तथ्य नहीं निकला। उल्टे राजीव गांधी के द्वारा खरीदी गई बोफोर्स तोप की बदौलत ही बाजपेयी सरकार कारगिल युद्ध जीत पाई। नेशनल हेराल्ड केस के मामले में अदालत का फैसला एक बार फिर साबित करता है कि मोदी सरकार मात्र बदनाम करने के उद्देश्य से ईडी का दुरुपयोग कर रही है।
विपक्ष को समाप्त करने के लिए ईडी का दुरुपयोग
निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद खान ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार, विपक्ष खासकर राहुल गांधी की बातों को दबाने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही है। उनका उद्देश्य मात्र इतना ही है कि गांधी परिवार की आवाज को दबाने से देश में विपक्ष शून्य हो जाएगा। न्यायालय के निर्णय से देश की जनता के सामने स्पष्ट हो गया है कि किस प्रकार मोदी सरकार विपक्ष को समाप्त करने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही है।
भारी संख्या में पुलिस बल रहा तैनात
भाजपा कार्यालय घेराव के कार्यक्रम को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में भारी-भरकम तैयारी की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कनकनी भरी ठंड के बीच वॉटर कैनन वाहन को दोपहर 12 बजे से ही पानी की बौछार के लिए कलेक्टर परिसर में खड़ा करके रखा गया था। इसके साथ ही काफी संख्या में पुलिस अधिकारियों के साथ जवान तैनात किए गए थे। इन्हें ले जाने के लिए पुलिस वाहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी। अपरान्ह करीब 3 बजे जैसे ही राजीव भवन से कांग्रेसजनों का हुजूम नारेबाजी करते निकला, पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया।
भाजपा ने घड़ी चौक में सोनिया-राहुल का पुतला दहन किया

भाजपा ने नेशनल हेराल्ड प्रकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा अंबिकापुर स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव करने के प्रयास को पूरी तरह से असफल करार दिया है। कहा गया है कि प्रशासन की सजगता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के संयम से कांग्रेस का यह राजनीतिक स्टंट नाकाम हुआ। इसके पश्चात भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता शहर के घड़ी चौक पहुंचे, जहां कांग्रेस की भ्रष्ट और वंशवादी राजनीति के विरोध में सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से जुड़ा एक गंभीर भ्रष्टाचार का प्रकरण है। जब-जब कानून अपना काम करता है, कांग्रेस सड़कों पर उतरकर दबाव बनाने और भ्रम फैलाने का प्रयास करती है। एजेंसियों पर आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है। कांग्रेस का भाजपा कार्यालय का घेराव करने का प्रयास यह साबित करता है कि वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन नहीं करती। कानून के सामने जवाब देने के बजाय कांग्रेस अराजकता फैलाकर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। भारतीय जनता पार्टी कानून के शासन में विश्वास करती है। देश की स्वतंत्र जांच एजेंसियां किसी के दबाव में नहीं, बल्कि सबूतों और तथ्यों के आधार पर कार्य करती हैं। कांग्रेस चाहे जितना भी शोर मचाए, भ्रष्टाचार के आरोपों से वह बच नहीं सकती। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता अब कांग्रेस की विक्टिम कार्ड राजनीति को पहचान चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस को इसका करारा जवाब मिलेगा। भाजपा किसी प्रकार की अराजक राजनीति सफल नहीं होने देगी।

Categorized in: