महाविद्यालयीन छात्रों के भविष्य से खिलवाड़, 500 से अधिक छात्र-छात्राएं किए विवि का घेराव

आजाद सेवा संघ के नेतृत्व में शहर के मुख्य मार्गों से रैली के शक्ल में विवि पहुंचे छात्र

अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय द्वारा लगातार छात्रहित की अनदेखी व महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए सैकड़ों की संख्या में एकत्र हुए छात्र-छात्राओं ने रैली के शक्ल में विश्वविद्यालय पहुंचकर जमकर भड़ास निकाली। छात्रों के जमा सैलाब को देखकर पहले ही यहां पुलिस का सख्त पहरा लगा दिया गया था। पुलिस के द्वारा विवि परिसर के दोनों ओर लगाए गए बैरीकेड के कारण छात्रों को घेरा के बाहर ही रूकना पड़ा। छात्र विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार तक पहुंचने की जोर आजमाइस करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। छात्रों के साथ मौजूद गैर राजनीतिक दल आजाद सेवा संघ के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचे कुलसचिव का ध्यानाकर्षण लगातार महाविद्यालयीन छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के कारण बन रही असंतोष की स्थिति की ओर कराया, लेकिन संतोषजनक जवाब इन्हें नहीं मिला। छात्रों ने रास्ते भर जमकर नारेबाजी की। दो दिन में छात्रहित में फैसला नहीं लेने पर हजारों की संख्या में छात्रों के साथ पुन: विवि में उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।
शहर के देवीगंज वार्ड से गुरूवार को आजाद सेवा संघ प्रदेश सचिव रचित मिश्रा एवं जिला अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता के नेतृत्व में 500 से अधिक छात्र विशाल रैली निकालकर विश्वविद्यालय तक पहुंचे और उग्र प्रदर्शन किया। इन्होंने बताया कि संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंतर्गत आने वाले विभिन्न महाविद्यालयों के अलावा सरगुजा संभाग के जशपुर कांसाबेल के बीएससी के छात्र बॉटनी एवं केमेस्ट्री पेपर के अतिरिक्त विभिन्न विषयों के घोषित परीक्षा परिणाम को लेकर असंतुष्ट हैं। सभी छात्रों को एक समान अंक दिए गए हैं। शून्य, एक-दो अंक पाने वालों की भरमार है। किसी को एक-दो अंक से अनुत्तीर्ण कर दिया गया है। इसे लेकर 28 जून को विवि प्रबंधन को आजाद सेवा संघ की ओर से आवेदन दिया गया था, जिस पर जांच, कार्रवाई पश्चात रिपोर्ट देने की बात कही गई थी। इस आवेदन पर क्या कार्रवाई की गई, इसकी कोई जानकारी छात्रों को नहीं मिली। अन्नू शर्मा ने कहा उन्हें एक विषय में 38 अंक मिला, दूसरे में शून्य अंक मिला। यूनिवर्सिटी द्वारा घोषित परिणाम एक विषय में उन्हें होशियार और दूसरे में गंवार साबित कर दे रहा है। आजाद सेवा संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विवि द्वारा सत्र 2023-24 में प्रेक्टिकल परीक्षा का आयोजन मुख्य परीक्षा के बाद किया गया, जिससे कई छात्र प्रायोगिक परीक्षा में उपस्थित नहीं हो पाए, इन्हें अनुपस्थित कर दिया गया। इसे देखते हुए पुन: प्रेक्टिकल परीक्षा आयोजन विभिन्न सेंटरों में कराने की मांग की गई है, जिससे छात्रों को असुविधा न हो। विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2023-24 का परीक्षा परिणाम जारी किया जा रहा है, इसमें कई ऐसे छात्र हैं, जो परीक्षा में उपस्थित हुए और परीक्षा दिए, इसके बावजूद उन्हें शून्य अंक देते हुए कई परीक्षा में अनुपस्थित करार दे दिया गया, इनके घोषित परीक्षा परिणाम में भी अनुपस्थिति दर्शाया गया है। इस ओर विवि के कुलसचिव का ध्यान दिलाने पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिला, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में सवाल उठाया गया कि उपस्थित छात्रों को अनुपस्थित दर्शाकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है और शून्य अंक दिए गए हैं, ऐसे में जांच के दौरान यदि प्राध्यापक की गलती सामने आती है, तो संबंधित के विरूद्ध विश्वविद्यालय प्रबंधन क्या कार्रवाई करेगा? इसी क्रम में सत्र 2023-24 परीक्षा परिणाम के पश्चात रि-चेकिंग के लिए जारी किए गए आवेदन की तिथि को आगे बढ़ाने की मांग की गई है। प्रदर्शन के दौरान आनंद पटेल, अतुल गुप्ता, दिलीप दास, सत्य, सृष्टि गुप्ता, प्रियंका टोप्पो, प्रिया गुप्ता, रिया तिवारी, अनु, लक्ष्मी पांडेय, रिया द्विवेदी, समीर कांत पाल, सुंदर विश्वकर्मा, बबलू राम, रवि गुप्ता सहित 500 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
गलतियों का ठीकरा फोड़ते रहे छात्रों पर
छात्रहित की मांगों को लेकर उमड़ी छात्र-छात्राओं की भीड़ को विश्वविद्यालय के कुलसचिव से ऐसा कोई उचित आश्वासन नहीं मिला, जिस कारण वे भविष्य को लेकर अंत तक चिंतित नजर आए। कुलपति के द्वारा गलतियों का ठीकरा सिर्फ छात्रों पर फोड़ा जा रहा था, वहीं 15 दिन में काफी कुछ निर्णय लेने की बात कही जा रही थी। इससे छात्रों में असंतोष बरकरार रहा। इनके द्वारा छात्रहित में दो दिन के अंतराल में सकारात्मक निर्णय लेने कहा गया है। पूरे बिंदुओं पर दो दिन में छात्रहित में फैसला नहीं लेने पर हजारों की संख्या में छात्रों के साथ विश्वविद्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी गई है।

कई बार मांग के बाद भी नहीं बना बेवसाइट
विश्वविद्यालय का अपना स्वयं का वेबसाइट आज तक तैयार नहीं हो पाया है, इसे लेकर पूर्व में कई बार ज्ञापन दिया गया, लेकिन यह मांग आज पर्यंत पूरी नहीं हुई है। विवि का स्वयं का वेबसाइट नहीं होने से गोपनीयता भंग होने जैसी स्थिति बनती है। इस पर आश्वासन देते हुए पूर्व में यहां तक कहा गया था कि सत्र 2023-24 का परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय के नए वेबसाइट पर ही जारी होगा। अब तक 70 प्रतिशत से अधिक विषयों के परीक्षा परिणाम जारी किए गए हैं, मगर विवि के वेबसाइट का कुछ भी अता-पता नहीं है।

सरगुजा सांसद ने कहा-छात्रहित सर्वोपरि
गुरूवार को महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के साथ निकले आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव ने विवि प्रबंधन की कारगुजारी से सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज को अवगत कराते हुए लंबे समय से छात्रहित को दरकिनार करने का आरोप लगाया है। सरगुजा सांसद ने फोन पर हुई चर्चा के दौरान छात्रों को आश्वस्त किया कि वे लिखित में जानकारी दें, विवि छात्रहित में फैसला ने इसके लिए कुलपति व कुलसचिव से बात करेंगे।

Categorized in: