थाना गांधीनगर का वार्षिक निरीक्षण करके लंबित अपराधों, शिकायतों की समीक्षा

अंबिकापुर। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना गांधीनगर का वार्षिक निरीक्षण करके लंबित अपराधों, शिकायत की समीक्षा करते हुए मर्ग निकाल के संबंध में अद्यतन जानकारी ली गई। शस्त्रागार एवं मालखाना का निरीक्षण कर शस्त्रों की सफाई सहित जप्तशुदा माल के समुचित निराकरण के निर्देश दिए। थाना प्रभारी सहित सभी विवेचकों को नए कानून के तहत प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन करने निर्देशित किया। ई-एफआइआर एवं जीरो एफआइआर की प्रकिया बताकर रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए। विजिबल पुलिसिंग अंतर्गत थाना प्रभारी को स्वयं थाना क्षेत्र का भ्रमण कर असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई एवं रात्रि गस्त दौरान संदिग्धों पर वैधानिक कार्रवाई करने निर्देशित किया गया।

जिले के थानों की कार्यशैली को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने एवं थाना क्षेत्र में सख्त कानून व्यवस्था बनाकर आम नागरिकों को शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रदान करने के क्रम में पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल ने थाना गांधीनगर का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर एवं आवसीय परिसर का निरीक्षण कर थाना प्रभारी गांधीनगर से जप्तशुदा एवं वाहनों के दावा के संबंध में अद्यतन जानकारी ली। जप्तशुदा एवं दावा आपत्ति के समय सीमा पश्चात वाहनों की नीलामी प्रक्रिया में शेष वाहनों को शामिल करने हेतु निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रागार सहित मालखाना का निरीक्षण कर जप्तशुदा संपत्ति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी को जप्तशुदा संपत्ति के संबंध में न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण कर नष्टीकरण योग्य संपत्ति के नष्टीकरण के निर्देश दिए। मालखाना एवं रिकॉर्ड रूम को अलग कर व्यवस्थित करने कहा। अभियान चलाकर अधिक से अधिक वारंट तामिली करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी सहित सभी विवेचकों को नए कानून के तहत प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन करने कहा है। ई-एफआइआर एवं जीरो एफआइआर का रजिस्टर चेक कर प्रतिदिन रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए और 03 दिवस के भीतर हस्ताक्षरित किए गए शिकायत पर प्रकरण पंजीबद्ध करने कहा। थाना में सभी रिकॉर्ड संधारित रखने सहित महत्वपूर्ण रजिस्टर, अभिलेख को संरक्षित करने दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने विजिबल पुलिसिंग अंतर्गत थाना प्रभारी गांधीनगर को स्वयं शाम एवं रात्रि गस्त पर निकलने, नशे के अवैध कार्यों में लिप्त व्यक्तियों पर प्रभावी नियंत्रण करने एवं जुआ सट्टा पर लगातार कार्रवाई करने कहा। नाबालिग एवं महिला संबंधी अपराधों में पीड़ित की शिकायत प्राप्त होने पर आरोपियों के विरुद्ध तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई करने कहा गया। थाना आए फरियादियों से नम्र व्यवहार कर थाना क्षेत्र में सख्त कानून व्यवस्था बनाए रखने और शातिर बदमाशों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वार्षिक निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, रीडर सहायक उप निरीक्षक गोमती यादव एवं गांधीनगर थाना के समस्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।  

Categorized in: