किसानों से बात कर धान खरीदी व्यवस्था पर लिया फीडबैक

अंबिकापुर। कलेक्टर विलास भोस्कर धान खरीदी का जायजा लेने शुक्रवार को धान उपार्जन केंद्र बतौली पहुंचे। उन्होंने समिति प्रबंधक से उपार्जन केंद्र में पंजीकृत किसानों की संख्या, किसानों के पंजीयन, टोकन जारी होने की स्थिति तथा लक्ष्य के अनुसार खरीदे जाने वाले धान की जानकारी ली। उन्होंने कहा धान बेचने आए किसानों को किसी प्रकार की समस्या ना हो, इसका ध्यान रखें। बारदाने पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों, किसानों की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने धान बेचने आए किसानों से बात कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। धान बेचने आए किसान बलराम ने बताया उन्होंने आज 141 बोरी धान बेचा है, केंद्र में किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। इसी प्रकार किसान वीरेंद्र कुमार ने बताया उनके पास 14 एकड़ से अधिक भूमि है, आज यहां धान बेचा है। इससे पहले के वर्षों में भी वे धान बेचे थे, जिसकी 18 हजार रुपये बोनस राशि प्राप्त हो गई है।


तहसील कार्यालय का निरीक्षण
कलेक्टर ने इस दौरान तहसील कार्यालय बतौली का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिए तथा आवश्यक दस्तावेजों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने आमजनों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त करने निर्देशित किया।

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में हुए शामिल
शासकीय महाविद्यालय बतौली में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होकर कलेक्टर विलास भोस्कर नवीन मतदाताओं से मिले। उन्होंने मतदाताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आप देश का भविष्य हैं, इसलिए प्रत्येक वोट का महत्व समझें और वोट देकर लोकतंत्र में अपनी सहभागिता निभाएं, साथ ही लोगों को भी प्रेरित करें। पात्र मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है वे बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं। उन्होंने सभी को लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखते हुए किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का उपयोग करने की शपथ दिलाई।

स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने कलेक्टर विलास भोस्कर प्रशासनिक अमले के साथ अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली एवं सीतापुर पहुंचे। उन्होंने यहां ओपीडी, जनरल वार्ड, पुरुष एवं महिला वार्ड, आपरेशन थिएटर,पीएनसी वार्ड, पैथोलॉजी लैब, आपातकालीन कक्ष आदि में आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। समय पर दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों हेतु भोजन की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने मरीजों एवं उनके स्वजनों से स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने सीएचसी सीतापुर में पोषण पुनर्वास केंद्र में पहुंचकर आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। बच्चों के अनुकूल वातावरण और पोषण आहार की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने कहा।
शिक्षा गुणवत्ता व निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालय की प्रगति का निरीक्षण
कलेक्टर प्रारम्भिक शिक्षा की गुणवत्ता का अवलोकन करने शासकीय प्राथमिक शाला सोनतराई पहुंचे। उन्होंने यहां अध्ययनरत बच्चों की संख्या व दैनिक उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। मेनू अनुसार मध्यान्ह भोजन की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने कहा। इस दौरान कलेक्टर ने कक्षा में जाकर बच्चों से भी बात की। कलेक्टर ने शिवपुर में निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालय का भी जायजा लिया। उन्होंने यहां निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी कार्य समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Categorized in: