पूर्व उपमुख्यमंत्री और एआईसीसी की सचिव राजीव भवन में पत्रकारों से हुए रूबरू
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव व छत्तीसगढ़ की सहप्रभारी जरीता लैतफलांग ने सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा सरकार की रीति-नीति पर जमकर प्रहार किया। इस दौरान उन्होंने आगामी 7 जुलाई को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे सहित अन्य आगंतुकों की उपस्थिति में होने वाले किसान, जवान, संविधान को लेकर होने वाली चर्चा पर प्रकाश डाला। इस दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत व डॉ. प्रेमसाय सिंह भी मौजूद थे।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि सुशासन की बात करने वाली भाजपा सरकार में किसान परेशान हैं। किसानों को खाद व बीज के लिए भटकना पड़ रहा है। सरकार किसानों के हित के साथ खिलवाड़ कर रही है। डेढ़ साल में प्रदेश की दुर्दशा हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय न तो निर्णय ले पा रहे हैं और न ही विकास ही दिख रहा है। सड़कों की दुर्दशा हो गई है। मैनपाट में भाजपा के तीन दिवसीय चिंतन शिविर को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा चिंतित है, इसलिए चिंतन करने इनके नेता आ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरगुजा संभाग की ओर से इसका प्रतिनिधित्व कर रहे हंै। शिक्षा विभाग भी उनके पास है। शिक्षा विभाग के सेटअप को घटाकर वन प्लस वन प्रायमरी एवं वन प्लस 3 मिडिल स्कूल में कर दिया गया है। 50 हजार शिक्षकों के पद समाप्त हो रहे हैं। संविधान की ओर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि संविधान को चुनौती देने वाले कैसा संविधान चाहते हैं। मनुस्मृति को अपनाना आज के युग में संभव नहीं है। सिंहदेव ने कहा कि जिस शराब के कारण नैतिक पतन हो रहा है, उसकी प्रीमियर शराब की दुकान को अंबिकापुर के गांधी चौक में खोल दिया गया है। देश की सुरक्षा के लिए तैनात जवानों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नीचा दिखाने का काम किया जा रहा है, और भारत कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं है। सड़क की खराब स्थिति के सवाल पर टीएस सिंहदेव ने कहा कि हम लोग भी सड़क की स्थिति नहीं सुधार पाए थे, इसलिए हार का सामाना करना पड़ा। अभी तो सड़क की स्थिति और ही खराब है। अंबिकापुर से रामानुजगंज नहीं पहुंच सकते। शहर के सड़कों की हालत किसी से छिपी नहीं है। इस दौरान मुख्य रूप से कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय अग्रवाल, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, द्वितेन्द्र मिश्रा, हेमन्त सिन्हा, मधु सिंह, सीमा सोनी, अनूप मेहता, अशफाक अली, आशीष वर्मा सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ धान का कटोरा, फिर भी किसान त्रस्त
कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है, लेकिन यहां के किसान त्रस्त है। प्रदेश सरकार सुशासन की बात करती है। भाजपा की सरकार प्रदेश में 10 हजार पाठशाला बंद कर 1400 मधुशाला खोल रही है। उन्होंने कहा कि 7 जुलाई को किसान, जवान, संविधान को लेकर कांग्रेस की रैली होगी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे शामिल होंगे। इसमें प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम लोग शामिल होंगे।

Categorized in: